वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिवाली की रात लाइसेंसी रिवाल्वर से तीन राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो वायरल हुआ तब भी दानगंज चौकी और चोलापुर थाने की पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। देखें अगली स्लाइड्स...।
जब उच्चाधिकारियों ने फटकार लगाई तो सोमवार की दोपहर चोलापुर थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर लाइसेंसी रिवाल्वर और 16 कारतूस जब्त कर लिए हैं। रिवाल्वर के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार निवासी व्यापारी अजय बरनवाल की लाइसेंसी रिवाल्वर से दिवाली की रात अरुण कुमार बरनवाल व उसके बेटे हर्ष कुमार बरनवाल और परिवार के परमानंद बरनवाल ने फायरिंग की। इसके बाद हर्ष ने फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया।
इसके बाद भी दानगंज चौकी और चोलापुर थाने की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वायरल वीडियो एसएसपी अमित पाठक के संज्ञान में आया तो उन्होंने चोलापुर थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई और कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद सोमवार को चौकी प्रभारी दानगंज अजय यादव की तहरीर पर चारों लोगों के विरुद्ध चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
चौकी प्रभारी दानगंज ने बताया कि जिस असलहे से फायरिंग की गई थी, उसके लाइसेंस की वैधता बीती फरवरी माह में ही खत्म हो गई थी। इसके बाद असलहे के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया। गौरतलब है कि इस घटना के कुछ घंटे पहले ही दानगंज बाजार में एसएसपी ने पैदल गश्त की थी।