कभी शास्त्रीय संगीत के लिए मशहूर यूपी-हरियाणा की सीमा पर बसा कैराना इन दिनों पलायन को लेकर फिर से चर्चाओं में है। पलायन के मुद्दे से ही भाजपा 2017 में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई थी। ऐसे में यह सीट राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण हो गई है। इस बार भी भाजपा इस मुद्दे को फिर से हवा दे रही है। अबकी बार भाजपा सरकार की उपलब्धियों को भी मुद्दों में शामिल किया गया है।
कैराना पर टिकीं देश की नजरें: पलायन मुद्दे से फिर जीत का सपना, क्या गठबंधन का 'भाईचारा' लाएगा रंग, समझिए इस वीआईपी सीट का महत्व
मुख्यमंत्री के बाद गृहमंत्री ने की पलायन पीड़ितों की मुलाकात
कैराना सीट जीतने की पटकथा भाजपा ने काफी पहले से लिखनी शुरू कर दी थी। नवंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलायन के पीड़ितों से मुलाकात कर इस मुद्दे को हवा दी थी। अब चुनाव घोषित होने पर केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी इस मुद्दे को उठाया है। पार्टी प्रत्याशी के लिए उन्होंने घर-घर जाकर वोट भी मांगे। ऐसे में साफ है कि बीजेपी इस मुद्दे को फिर से भुनाकर दोबारा यूपी की सत्ता पाना चाहती है।
मतदाताओं के मन की बात
चौक बाजार निवासी अमन गुप्ता बताते हैं कि भाजपा सरकार के बाद से कानून व्यवस्था सुधरी है। अपराध में कमी आई है। साथ ही विकास कार्य भी हुए हैं। भाजपा सरकार ने कैराना के विकास पर काफी ध्यान दिया है। पहले यहां कारोबार करना भी मुश्किल था। अब व्यापारी बेखौफ अपना कारोबार करते हैं। जामा मस्जिद निवासी राशिद का कहना है कि यहां हिंदू-मुस्लिम हमेशा से मिल-जुलकर रहते आ रहे हैं, हां पहले के मुकाबले आपराधिक घटनाएं कम होती हैं। पलायन के मुद्दे को जानबूझ हवा दी गई। बड़ी संख्या में यहां के लोग कारोबार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। इसे पलायन नहीं कहा जा सकता। कांधला तिराहा पर मिले शमीम बताते हैं कि चुनाव में पिछली बार की तरह धर्म और जाति के आधार पर ही वोटिंग होगी। अन्य मुद्दे यहां गौण हो जाएंगे।
दो घरानों के बीच सियासी अदावत
कैराना सीट लंबे अरसे से पूर्व सांसद बाबू हुकुम सिंह और हसन परिवार की सियासी अदावत चली आ रही है। जिसमें कभी एक परिवार तो कभी दूसरा भारी पड़ता रहा है। 2014 के उप चुनाव और 2017 के आम चुनाव में हसन परिवार ने जीत दर्ज की है। नाहिद हसन यहां से विधायक बने हैं।
2017 का चुनाव का परिणाम
नाहिद हसन सपा 98830
मृगांका सिंह भाजपा 77668
अनिल चौहान रालोद 19992
दिवाकर देशवाल बसपा 6888
कुल मतदाता 317178
पुरुष 170538
महिला 146640
अन्य 13
जातिगत मतदाता : मुस्लिम 1.37 लाख, गुर्जर 27550, कश्यप 40423, सैनी 12190, अनुसूचित जाति 9808, ठाकुर 4930, जाट 24650, ब्राह्मण 8862, वैश्य 6154 नाई/बढ़ई 10400, कोरी 8364, बावरिया 6250, अन्य 22 हजार।