सहारनपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां जनता रोड पर मां के सामने ही ट्रक से कुचलकर ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। वहीं गुस्साए लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर दी और जाम लगाने की कोशिश की। दुर्घटना होते ही चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
उधर, थाना जनकपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
2 of 5
जानकारी लेती पुलिस
- फोटो : amar ujala
थाना जनकपुरी के जनता रोड स्थित गांव चकहरेटी निवासी सचिन की पत्नी मंजू अपनी ढाई वर्षीय पुत्री परी को बाजार से सड़क के किनारे पैदल ही घर लेकर जा रही थी। उसी दौरान माहिपुरा तिराहे की ओर से आ रहे ट्रक ने परी को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गई और ट्रक का पिछला पहिया परी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
3 of 5
मासूम बच्ची की मौत।
- फोटो : amar ujala
वहीं चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। लोगों ने ट्रक के शीशे तोड़कर पहिये की हवा निकाल दी और सड़क के बीच बैठकर जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची थाना जनकपुरी पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके साथ ही सीओ अजेंद्र ने जाम लगा रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने जेसीबी बुलवाकर ट्रक को थाने भिजवा दिया।
4 of 5
विलाप करते परिजन।
- फोटो : amar ujala
ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है।
5 of 5
हादसे में बच्ची की मौत।
- फोटो : amar ujala
बच्ची के पिता की भी हादसे में हुई थी मौत
परी के पिता सचिन की अगस्त 2022 में जिला अस्पताल पुल के पास विश्वकर्मा चौक पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सचिन के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा पांच वर्षीय प्रिंस है, उससे छोटी बेटी चार वर्षीय लवी है। इनमें सबसे छोटी ढाई वर्षीय परी थी। मंजू ही परी की देखभाल करती थी, जबकि प्रिंस और लवी को उसके चाचा ने गोद ले रखा था। परी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जैसे ही ग्रामीणों को पता लगा तो उनके घर पर भारी भीड़ लग गई। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।