केंद्रीय पशुपालन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सिसौली पहुंचकर भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत का हाल जाना। करीब एक घंटे की मुलाकात में पिछले एक साल से दोनों पक्षों के बीच चला आ रहा गतिरोध भी टूट गया। चुनावी माहौल में हुई मुलाकात के लोगों ने दिनभर अपने-अपने हिसाब से मतलब निकाले। लखनऊ और दिल्ली तक की नजर मुलाकात पर टिकी रही।
गरमाया सियासी तापमान: सालभर चले शब्दबाण, मिले तो मुस्कुराए नरेश टिकैत और संजीव बालियान, बोले-किसान सब जानते हैं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के बीच लगभग एक साल से चली आ रही संवादहीनता टूट गई है। दिल्ली बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आंसू गिरने के बाद से भाकियू अध्यक्ष नाराज थे। सामाजिक रूप में बालियान की ओर से की गई पहल से गतिरोध टूटा है।
किसान आंदोलन के बाद से भाकियू और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति रही है। सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी का दौर भी चला। नाराजगी के लंबे सिलसिले के बाद सोमवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने पहल की। समर्थकों के साथ वह सिसौली में टिकैत के स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचे। यहां पर करीब एक घंटे की मुलाकात में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का हाल जाना।
चुनाव या सियासी माहौल पर कोई बातचीत नहीं हुई। लेकिन मुलाकात से लंबे समय से बना आ रहा गतिरोध टूट गया है।
सिसौली के दरवाजे सबके लिए खुले : नरेश
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सिसौली के दरवाजे सबके लिए खुले हैं। किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशियों के आने-जाने पर रोक नहीं है। सिसौली को बड़प्पन दिखाना होगा। किसी के वोट के अधिकार में कोई दखलअंदाजी नहीं होनी चाहिए। राजनीतिक दल भी कम खर्च और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ें।
सिसौली कस्बे की पट्टी चौधरान स्थित टिकैत के आवास पर भाकियू की मासिक पंचायत हुई। जिसमें चौधरी नरेश टिकैत ने किसानों से एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि सिसौली और टिकैत परिवार को किसी पार्टी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। किसान अपनी मर्जी से वोट करें। सभी राजनीतिक दल अपना प्रचार करें, किसी के प्रत्याशी पर कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए। सबको आने-जाने का पूरा हक है। शांतिपूर्ण चुनाव होने चाहिए।
सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए बयान: भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत और केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के एक-दूसरे के खिलाफ दिए गए बयान सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए थे। विधायक उमेश मलिक पर हुए हमले के बाद भौराकलां थाने में बालियान का बयान खूब वायरल हुआ। इसके बाद टिकैत ने चेतावनी भरे लहजे में बालियान को मुजफ्फरनगर मेें नहीं घुसने देने वाला बयान दिया था।
किसान आंदोलन के बाद दो बार पहले भी केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान सिसौली गए थे। नगर पंचायत अध्यक्ष यशपाल बंजी के परिवार में हुए शादी समारोह में काफी देर तक रुके थे। इसके बाद पिछले महीने भाजपा किसान मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष नितिन बालियान की दादी के निधन पर भी बालियान सिसौली गए थे।
रालोद-भाजपा में व्हाट्सएप वार
टिकैत और बालियान की मुलाकात के बाद रालोद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच व्हाट्सएप वार हुई। दोनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने हिसाब से मुलाकात का मतलब निकाला। मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक भी मौजूद रहे।