मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश के विरोध में छात्रों का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। आंदोलन को सपा का सियासी सपोर्ट मिलने के बाद खुफिया तंत्र भी अलर्ट हो गया है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल विश्वविद्यालय के गेट पर धरना दे रहे छात्र-छात्राएं आरडीए के फैसले को वापस लेने की मांग दोहरा रहे हैं।
आंदोलन को बल देने के लिए इस बार विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी परिसर में ही पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। जौहर विश्वविद्यालय के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने का लगातार विरोध किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के कई छात्र-छात्राएं बेमियादी धरने पर बैठे हैं।
2 of 5
रामपुर के जाैहर विश्वविद्यालय गेट पर तैनात पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धरने का मंगलवार को चौथा दिन था। बेमियादी धरना बुधवार को भी जारी रहेगा। सुबह से ही विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्र होने लगे। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया तथा कहा कि भवनों को ध्वस्त करने का आदेश न केवल संस्थान के भविष्य के लिए चुनौती है, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा भी इससे प्रभावित होगी।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार और प्रशासन से मामले का न्यायपूर्ण समाधान निकालने की अपील की। विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी छात्रों के समर्थन में परिसर के भीतर पैदल मार्च निकाला। मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि संस्थान प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।
3 of 5
रामपुर के जाैहर विश्वविद्यालय गेट पर आंदोलन जारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले सभी पक्षों को सुनकर उचित निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों के भविष्य को प्रभावित करने वाले फैसलों में संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए। धरना स्थल पर दिनभर सपा के नेताओं के प्रतिनिधियों का आना-जाना लगा रहा।
कई संगठनों ने छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि विवाद का समाधान बातचीत और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरडीए के आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाए और मामले का पुनर्विचार किया जाए।
4 of 5
छात्रों का पदर्शन जारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सपाइयों की निगरानी में रहे आंदोलनकारी छात्र
समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पूरे दिन विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की। सपाइयों ने कहा कि वे छात्रों और विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं आंदोलनकारी छात्रों की सपाई मदद भी करते हुए दिखे।
5 of 5
जाैहर यूनिवर्सिटी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस रही सक्रिय, खुफिया तंत्र भी अलर्ट पर
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। इस दौरान खुफिया तंत्र के लोग भी एक्टिव दिखे। यहां पर पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे रहे।