बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'जीरो' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। किंग खान की इस फिल्म का ट्रेलर उनके जन्मदिवस के मौके पर मुंबई में वडाला के आईमैक्स सिनेमाघर में लॉन्च होगा।
वहीं दिवाली से ठीक पहले फिल्म 'जीरो' के दो पोस्टर जारी किए गये हैं। शाहरुख खान ने खुद अपने ट्विटर अकाउंट पर भी इसके दो पोस्टर जारी किये हैं और उनके अलग-अलग कैप्शन लिखे हैं। एक पोस्टर में जहां शाहरुख कैटरीना के साथ रोमांस करते नजर आ रहे हैं, तो वहीं दूसरे पोस्टर में अनुष्का के संग खिलखिलाते नजर आ रहे हैं।
खास बात यह है कि दो नवंबर को शाहरुख खान का जन्मदिन है और इस वर्ष प्रशंसकों के लिए यह डबल सेलिब्रेशन का मौका होगा। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म जीरो का ट्रेलर उनके जन्मदिवस पर मुंबई में वडाला के आईमैक्स सिनेमाघर में लॉन्च होगा।
अमर उजाला के मुताबिक ये एक ऐसा आलीशान समारोह होगा जिसे आज से पहले हिंदी सिनेमा में किसी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर आयोजित नहीं किया गया। फिल्म का हीरो बउआ सिंह चूंकि मेरठ शहर से है इसलिए ट्रेलर लॉन्च के मौके पर वडाला के सिनेमा घर में मेरठ शहर के मशहूर घंटाघर का पूरा का पूरा सेट तैयार किया जा रहा है।
इससे भी दिलचस्प बात यह है कि मेरठ के इस घंटाघर के आसपास लगने वाली चाट-मिठाई के दुकानें भी दो नवंबर को अपने असली स्वाद के साथ यहां मौजूद रहेंगी। इस मौके पर शाहरुख खान यहां अपने प्रशंसकों से दिल खोलकर बातें करेंगे। पत्रकारों के सवालों के जवाब देंगे और दिखाएंगे फिल्म की वो झलक जिसे देखने के लिए शाहरुख खान के करोड़ों चाहने वाले अरसे से बेचैन हैं।