इस बार दीपावली को लेकर मेरठ में फैशन पर नए ट्रेंड के परिधान बढ़ा रहे हैं शान..... दीपावली पर घर-आंगन को सजाने में जुटीं महिलाएं और युवतियां इस त्योहार पर नए ट्रेंड के परिधानों में सजने-संवरने के लिए भी बेताब हैं। इसीलिए बाजार में भी उनके लिए नए डिजाइनों के साथ आकर्षक परिधान आ गए हैं।
Diwali 2022: इस दीपावली दिखना चाहती हैं खास तो अपनाएं ये ट्रेंडी आउटफिट्स, चुनें ये खास रंग
नए पैटर्न में शरारा, क्रॉप टॉप और प्लाजो
शरारा सूट इन दिनों ट्रेंड में है। त्योहारी मौसम में नए पैटर्न के साथ शरारा की खूब मांग है। शरारा के साथ शॉर्ट कुर्ती या वेस्टर्न टच देने के लिए क्रॉप टॉप भी पहन सकते हैं। वहीं, प्लाजो ऐसा परिधान है जिसे आप घर या बाहर जाने के अनुसार किसी भी रंग में ढाल सकते हैं। आरामदायक इसका खास गुण है। युवतियों में इसकी अधिक मांग है।
शोभा बढ़ा रही सिकुइन की साड़ी
फैशन डिजाइनर निधि जैन कहती हैं कि साड़ी हर भारतीय नारी का गहना है। इसका ट्रेंड हमेशा रहता है। इस बार सिकुइन साड़ी का ट्रेंड हैं। इसे हैवी मेकअप के साथ पहना जा सकता है। ज्वेलरी के साथ इसकी दमक और बढ़ जाती है। कामकाजी महिलाओं के लिए ड्रेस के साथ जैकेट और बेल्ट वाले परिधान खास हैं।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी से करें श्रृंगार
पोल्की में सोने की परत और उसके ऊपर हीरे के टोन से लेकर अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी से श्रृंगार बेहद आकर्षक होता है। नवरत्न ज्वेलरी में हीरे और मोतियों के साथ नया लुक मिलेगा। ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी की मांग अब भी कायम है।
यह भी पढ़ें: Meerut: नहीं घटा प्रदूषण, मेरठ दूसरे दिन भी देश में दूसरे नंबर पर
बच्चों से युवाओं के लिए भी खास पैटर्न
बच्चों और युवाओं के लिए भी खास तरह के पैटर्न उपलब्ध हैं। हल्के रंग में कॉटन का कुर्ता पजामा और बच्चियों के लिए रफल ड्रेस, फेदर पैटर्न के डिजाइन में फ्रॉक, हल्का शरारा, लहंगा चुनरी, लांचा पसंद किया जा रहा है। वहीं, फैशन डिजाइनर रानुल कपूर ने बताया कि युवकों का पारंपरिक परिधान कुर्ता पाजामा सदाबहार ट्रेंड है। कुर्ता पाजामा के साथ लखनवी चिकनकरी, लंबी जैकेट, सिल्क के कुर्ते की भी मांग है। पूजा के समय पारंपरिक परिधान ही पसंद किए जा रहे हैं।