MEERUT: हाजी इजलाल की मीट फैक्टरी पर छापा, मौके से मिले पशुओं के अवशेष, जल्द सामने आएगा असली सच
हाजी इजलाल की बंद पड़ी अल कैफ मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड मीट फैक्टरी पर पुलिस, पशुपालन व खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार शाम को छापामारी की। टीम ने यहां से भारी मात्रा में पशुओं के अवशेष बरामद किए हैं। वहीं फैक्टरी में मीट पैकिंग होने की भी चर्चा है। अभी पुलिस ने इस कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
शनिवार शाम खरखौदा पुलिस को सूचना मिली की हापुड़ रोड पर गांव अल्लीपुर स्थित हाजी इजलाल की बंद पड़ी अल कैफ मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड मीट फैक्टरी में अवैध रूप से संचालन हो रहा है। वहीं पुलिस ने मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी।
इसके बाद पुलिस के साथ पशुपालन विभाग व खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस को मौके पर भारी मात्रा में पशुओं के अवशेष मिले। फैक्टरी के मैनेजर हाजी फैजान ने बताया कि इस समय उक्त फैक्टरी को हाजी इजलाल का भाई हाजी परवेज संचालित कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Pics: महाभारत के 'अर्जुन' पहुंचे बिजनौर, TV में इसी रोल से स्टार बने फिरोज खान, साझा किए सफलता के राज
उधर, पशुपालन विभाग की टीम ने मौके से मीट के नमूने भी लिए हैं। पुलिस अभी इस मामले में कोई जानकारी देने से इंकार कर रही है। चर्चा है कि फैक्टरी में पशुओं के अवशेष सहित मीट पैकिंग का कार्य भी चल रहा था।
एमडीए ने किया था सील
करीब सात वर्ष पहले प्रदेश सरकार के आदेश पर अवैध रूप से चल रही मीट फैक्ट्रियों पर छापामारी की गई थी। उस समय एमडीए की टीम ने हाजी इजलाल की मीट फैक्टरी को भी सील किया था। वहीं मैनेजर ने बताया कि संबंधित विभाग से अनुमति मिली है। लेकिन अभी जांच की जा रही है।
फ्रिजर में रखा है भारी मात्रा में पैकिंग हुआ मीट
पुलिस के अनुसार फैक्टरी के फ्रिजर में भारी मात्रा में पैक हुआ मीट रखा है। उक्त मीट को फैक्टरी प्रबंधन पुराना बता रहा है। लेकिन जिस समय फैक्टरी को सील किया गया था। उस समय फैक्टरी के सभी मीट को निस्तारित करा दिया गया था।
यह भी पढ़ें: BIJNOR: जिधर भी जाती है नजर दिख रहा तंबुओं का शहर, देखें गंगा मेले की उम्दा तस्वीरें
फैक्टरी के संचालन से संबंधित कागजों की सभी विभागों द्वारा जांच कराई जा रही है। संचालन अवैध है या वैध जांच के बाद ही इसकी जानकारी होगी। मीट के नमूने लेकर जांच को भेज दिए हैं। - राम नारायण सिंह, कार्यवाहक थानाध्यक्ष, खरखौदा