एक तस्वीर हजार शब्दों का काम करती है। तस्वीरें समय, हालात, खुशी और दुख हर किसी भाव को बयां करने में सक्षम होती हैं। यदि आप फोटोग्राफी के शौकीन है तो हम आपके लिए लेकर आए हैं कुछ ऐसी ही शानदार तस्वीरें, जिन्हें देखकर आपका दिल खुश हो उठेगा।
दिन को सुहाना, दिल को कर देंगी खुशगवार, इन तस्वीरों को देखकर आप भी कह उठेंगे 'शानदार'
गिरते हैं घुड़सवार ही मैदान-ए-जंग में,
वो क्या खाक गिरेंगे, जो घुटनों के बल चलें।
घुड़सवारों की यह तस्वीर हमारे छायाकार ने आरवीसी सेंटर मेरठ में ली है। जहां सुबह के हल्के कुहासे के बीच घोड़ों को दी जाती है कड़ी ट्रेनिंग जिसके बल पर ही वह देश-विदेश में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हैं।
सर्दियों की शुरुाती ठंड में उगते सूरज को देखना बेहद रोमांचकारी होती है, उतना दिलचस्प होता है उसकी तस्वीरें लेना। नीम के पेड़ की ओट में उपर उठते सूरज की ये शानदार तस्वीर आपको कैसी लगी? हमें जरूर बताइएगा।
पीले वस्त्र, माथे पर लंबा तिलक और सफेद दाढ़ी, हाथ में माला लिए जाप करता साधु, सामने रखी धार्मिक पुस्तक और धूप से उड़ता खुशबूदार धुआं। ध्यान में तल्लीन साधु की ये तस्वीर मंदिर परिसर में हमारे संवादाता ने हस्तिनापुर से भेजी है।
भारत एक ऐसा देश जहां के त्यौहार मेले और उत्सव लोगों को ये अहसास कराते हैं कि यहां कितने अलग-अलग परिवेश, भाषा और वेशभूषा के लोग हैं लेकिन उनकी एक पहचान है 'हिंदुस्तानी'। ये तस्वीर कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के दौरान की है। जहां एक महिला टिपिकल राजस्थानी परिधान में गंगा किनारे पूजा करने पहुंची।