मेरठ के सोतीगंज में वाहन काटने वाले कबाड़ियों पर पुलिस शिकंजा कस रही है। गुरुवार से शुरू हुई पुलिस की छापेमारी की कार्रवाई के बाद से सोतीगंज में हड़कंप मचा हुआ है। तीन दिन से जारी सोतीगंज में छापेमारी के दौरान पुलिस ने सैकड़ों गाड़ियों के पार्ट्स बरामद किए हैं। कई गोदामों को सील भी किया गया है। वहीं खास बात यह भी है कि एसएसपी प्रभाकर चौधरी द्वारा बनाई गई पुलिसकर्मियों की स्पेशल-75 टीम को इस कार्रवाई में लगाया गया है।
शिकंजे में शातिर: ...तो क्या अब यहां मूंगफली बेचेंगे, सोतीगंज में पुलिस को देखकर कबाड़ियों ने की टिप्पणी
सोतीगंज के 47 कबाड़ी जीएसटी भरने का दावा कर रहे हैं। पुलिस ने इनका रिकॉर्ड जीएसटी से मांगा है। इनकी संपत्ति की जांच कराने की बात भी कही है। बताया गया कि चोरी के वाहन काटने वाले कबाड़ी कागजों में भी फेरबदल करते हैं। अब इसकी भी पोल खुल सकती है। अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने वाले कई कबाड़ी खुद को बेगुनाह बताने में लगे हैं।
जांच में सामने आया कि 47 कबाड़ी जीएसटी भरते हैं और खुद को दुकानदार बताते हैं। वे कहते हैं कि उनकी दुकान पर सिर्फ गाड़ियों के पुराने पार्ट्स बिकते हैं। पुलिस ने जीएसटी से कबाड़ियों की सूची मांगी है ताकि सत्यापन हो सके कि असली दुकानदार हैं या फिर अवैध कारोबार किया जा रहा है। आयकर विभाग से भी आय और संपत्ति की जांच करवाने की तैयारी है।
पुलिस का दावा है कि चोरी के वाहन काटकर उनके अलग-अलग पार्ट्स दुकान पर बेचे जाते हैं। यहां पर दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान समेत कई राज्यों से लोग चोरी की गाड़ी के पार्ट्स सस्ते दाम में खरीदने आते हैं। सोतीगंज के कुछ दुकानदारों ने पुलिस से बचने के लिए जीएसटी भरना शुरू किया, लेकिन यह नहीं दर्शाया गया कि पार्ट्स कहां से खरीदे गए। इसका रिकॉर्ड मांगा गया है।
फॉरेंसिक टीम आएगी
एसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि सोतीगंज से जो गाड़ियों के इंजन बरामद हुए हैं। उनकी जांच कराने के लिए फॉरेंसिक टीम को चिट्ठी लिखी गई है। जांच फॉरेंसिक टीम करने के लिए सदर थाने में आएगी। इसके बाद पुलिस नामजद कबाड़ियों के खिलाफ पुख्ता सबूत के साथ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी। आरोपियों की तलाश में शनिवार को भी पुलिस की दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
टीम को देखकर मची खलबली
शनिवार दोपहर को फिर से पुलिस को देखते ही कबाड़ियों में खलबली मच गई। अफवाह उड़ी कि पुलिस और पीएसी सोतीगंज के कबाड़ियों के गोदाम खाली कराने के लिए आई है। कई कबाड़ी दुकान और गोदाम बंद करके भाग गए। बाद में पुलिस ने कहा कि सुरक्षा मद्देनजर पीएसी को थोड़ी देर के लिये बेगमपुल से बुलाया गया था।