अपराधियों की अवैध संपत्ति पर पुलिस-प्रशासन ने फिर बुलडोजर चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को मेरठ के कुख्यात बदन सिंह बद्दो द्वारा जगन्नाथपुरी के पार्क पर अवैध तरीके से कब्जाई गई जमीन मुक्त कराई गई। पुलिस और एमडीए ने 50 साल पुराना रिकॉर्ड खंगाला तो पार्क पर कब्जा कर नक्शा गायब कराने की बात सामने आई। मंगलवार को पुलिस, प्रशासन और एमडीए ने दिल्ली रोड स्थित जगन्नाथपुरी में कुख्यात अपराधी बदन सिंह बद्दो के ठिकाने को जमींदोज कर दिया।
मेरठ: कुख्यात बदन सिंह बद्दो ने पार्क पर कब्जा कर गायब करा दिया था नक्शा, अब हुई ये बड़ी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक बद्दो ने कई सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किए हैं। उसकी फरारी के बाद पुलिस ने रिकॉर्ड खंगाला गया। करोड़ों रुपये की संपत्ति बद्दो ने अपने करीबियों के नाम की है। आरोप है कि उसने पंजाबीपुरा वाली कोठी भाभी के नाम गिफ्ट दर्शाकर बैनामा कराया था। भाभी से पुलिस ने कोठी के बारे में जानकारी मांगी तो वह प्रमाण नहीं दे पाई। इसके बाद कोठी को पुलिस और एमडीए ने ध्वस्त कर दिया। अब पुलिस ने बद्दो की जगन्नाथपुरी में एक और संपत्ति का पता लगाया।
पुलिस का दावा है कि करीब 50 साल पहले जगन्नाथपुरी के एक पार्क पर बद्दो ने कब्जा किया था। पार्क की जमीन पर दुकानें बनाईं और फिर बेच दी थीं। कुछ दुकानें करीबियों के नाम कर दी थीं। पुलिस जांच में इस संपत्ति का पता चला और फिर एमडीए से इसकी जांच कराई गई। अब एमडीए ने इन दुकानों को ध्वस्त करने के लिये नोटिस जारी कर दिए हैं। मंगलवार को पुलिस दुकानें ध्वस्त करेगी।
सोनू सहगल कोर्ट से स्टे लाए
बद्दो की फरारी में अजय उर्फ सोनू सहगल का नाम भी सामने आया था। उसे जेल भेजा गया था। सोनू भी बद्दो का करीबी बताया जाता है। जगन्नाथपुरी में पार्क की जमीन में सोनू की दुकान भी मिली है। पुलिस ने बताया कि सोनू अपनी दुकानों बताकर कोर्ट से स्टे ले आए हैं। उन्हीं दुकानों की बगल में रेनू गुप्ता के नाम से दुकानें हैं, जो बद्दो की निकलीं।
अब तक यह हुई बद्दो पर कार्रवाई
28 मार्च 2019 को बद्दो दिल्ली रोड स्थित मुकुट महल होटल से पुलिस हिरासत से भाग गया था। डीजीपी ने बद्दो पर दो लाख का इनाम कर दिया है। काफी प्रयास के बावजूद पुलिस अब तक उसका पता नहीं लगा सकी है। आईपीएस कृष्ण विश्नोई को तत्कालीन डीजीपी ओपी सिंह ने बद्दो पर कार्रवाई का टास्क दिया था। उन्होंने संपत्ति का पता लगाया और 21 जनवरी 2021 को उसकी पंजाबीपुरा टीपीनगर वाली कोठी को पुलिस व एमडीए ने ध्वस्त कराया था।