डर को डराएं और खुद को मजबूत बनाएं। सड़क, बस, टेंपू में होने वाली छेड़खानी से घबराएं नहीं, बल्कि साहस से सामना करें। डर को डराकर मुश्किलों को जीतने का यह संदेश छात्राओं को अमर उजाला के अभियान अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत दिया गया। बुधवार को इस्माईल महिला डिग्री कॉलेज में आत्म सुरक्षा शिविर का आयोजन हुआ।
अपराजिता अभियान: मनचलों पर कैसे करें वार, छात्राओं को सिखाए गए ये टिप्स
ट्रेडिशनल शोतोकाई कराटे संघ यूपी की टीम ने छात्राओं को दुपट्टा, हेयरपिन, चश्मा, हेयरबैंड को केवल शृंगार नहीं बल्कि हथियार बनाने की तरकीबें सिखाईं। छात्राओं को बताया कि नाखूनों से लेकर अंगूठी, पिन सब आपके हथियार हैं। इनसे वार करके किसी भी मनचले को सबक सिखा सकती हैं। मनचले का सामना कैसे करें, कहां वार करें इसका डेमो व प्रशिक्षण भी दिया। यातायात पुलिस की ओर से आई ट्रैफिक एंजिल्स ने भी छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी साथ ही प्रशिक्षण दिया। छात्राओं को सड़क पार करने, स्कूटी चलाते वक्त सावधानी बरतनें, हेलमेट पहनने, स्पीड नियंत्रण आदि के बारे में बताया।
बस-ऑटो में छेड़खानी हो तो ऐसे करें बचाव
अगर कोई मनचला बस, ऑटो में छेड़खानी करे, कोहनी मारे, हाथ पकड़ने की कोशिश करे तो डरने की बजाय तुरंत उसका हाथ पकड़कर पीछे की ओर मोड़ें और पीठ पर जोर से वार करके नीचे गिराएं। मनचले को आप तभी सबक सिखा पाएंगी जब आप स्वयं मजबूत होंगी। मन और तन दोनों से मजबूत और साहसी बनें। अपने भीतर छिपी हुई शक्ति को पहचानें। डटकर विरोधी का मुकाबला करें।
इन हथियारों से करें मनचलों का सामना
- दुपट्टा : मनचला पीछे से आकर दुपट्टा पकड़े तो दुपट्टे के दूसरी ओर का इस्तेमाल हथियार के रूप में करें।
- हाथों का प्रयोग: हाथों का भरपूर प्रयोग अपनी सुरक्षा में करें। मनचले के घुटनों, गर्दन, कुहनी, पीठ, बालों पर वार करें।
- हेयरपिन : कोई मनचला आकर हाथ पकड़े या वार करे तो फौरन अपने हेयरपिन को निकालकर उसकी गर्दन, आंख, कान, सिर, हाथ, कलाई कहीं भी जोर से वार करें।
- हेयरबैंड : मनचला छेड़खानी करे तो फौरन हेयरबैंड निकालकर उसके शरीर पर कहीं भी वार करके घायल करें।
इन बातों का रखें हमेशा ख्याल
- छेड़खानी हो तो आत्मविश्वास और साहस से काम लें, डरें नहीं बल्कि दिमाग से काम लें।
- मोबाइल पर बात करते हुए या ईयरफोन लगाकर सड़क पर न जाएं।
- कोशिश करें हमेशा भीड़भाड़ वाले इलाकों से ही आएं-जाएं।
- अगर कोई छेड़खानी, कमेंट करे तो माता-पिता व शिक्षिकाओं से जरूर साझा करें।
- विपरीत ओर से हमेशा वार करें।