मेरठ में हनी ट्रैप में फौजियों को फंसाने वाली युवती समेत दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस के साथ आईबी और एटीएस भी युवती से इस बात की जानकारी करने में जुटी है कि कहीं जाल में फंसाए गए फौजियों से युवती ने सुरक्षा संबंधी जानकारियां तो नहीं ली हैं।
कॉल मी! पर्ची पर लिखा नंबर मिलाते ही बहक जाते थे फौजी, फंसने पर मालूम चलती युवती की हकीकत
पुलिस पूछताछ में युवती ने कई रहस्य खोले, लेकिन अभी कई फौजियों के राज उसके पास से बरामद पांच मोबाइल फोन में छुपे हैं। पूछताछ में सामने आया कि शिकायत करने वाले फौजी टिकटॉक के जरिए युवती के जाल में फंसे थे।
वहीं युवती ने बताया कि वह खुद सार्वजनिक स्थानों, शॉपिंग माल्स व बाजारों में खरीदारी करने आए फौजियों को भरी भीड़ में एक पर्ची पर नंबर लिखकर फेंक देती थी। बस यहीं से उसका काला खेल शुरू होता था।
बताया कि पर्ची उठाने के बाद फौजी खुद उसे कॉल करते। बातचीत का सिलसिला शुरू होता और युवती फौजी को अपनी तस्वीरें व सोशल मीडिया की जानकारी उसे भेजकर विश्वास में ले लेती।
इसके बाद युवती फौजी को होटल में मिलने के लिए बुलाती। हाल ही में हरियाणा के एक फौजी को उसने मेरठ के होटल में बुलाया था।
हरियाणा निवासी यह फौजी होटल पहुंचा जहां युवती ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो ले लिए। इसके बाद युवती फौजी को बेहोश कर उसका पर्स व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
होश आने पर फौजी को जब हकीकत की जानकारी हुई, तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। नौचंदी थानाक्षेत्र पहुंचकर फौजी ने युवती की शिकायत की।