मेरठ में सोतीगंज के कबाड़ी से दोस्ती पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गई। पुलिस की लंबे समय तक चली पड़ताल के बाद तीनों पुलिसकर्मियों के दूरदराज ट्रांसफर हो गए हैं। अब तक पुलिसकर्मियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा था। डीजीपी के आदेश पर ये ट्रांसफर किए गए हैं।
मेरठ: आखिर गिरी गाज, तीन पुलिसकर्मियों के हुए ट्रांसफर, कबाड़ी के साथ करते थे मौजमस्ती, तस्वीरें
सोतीगंज के शातिर कबाड़ी राहुल काला के साथ पुलिस वाले मुनीश कुमार, बंटी कुमार और महेश कुमार उपाध्याय के फोटो वायरल हुए थे। बताया गया कि तीनों पुलिसकर्मियों को कबाड़ी मौजमस्ती करा रहा था। यह भी चर्चा थी कि इन पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से ही चोरी और लूट के वाहन काटे जा रहे थे। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बता दें कि तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सितंबर 2020 से जांच चल रही थी। यह मामला लखनऊ तक गूंजा था। लंबी पड़ताल के बाद डीजीपी के निर्देश पर शुक्रवार को पुलिसकर्मी मुनीश कुमार का आजमगढ़, बंटी कुमार का जौनपुर, महेश कुमार का बलिया में ट्रांसफर हो गया है।
तीनों के ट्रांसफर की लिस्ट एडीजी, आईजी और एसएसपी के पास सूची पहुंची। तीनों पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही पुलिस कर्मियों को रिलीव करने की बात कही है।
अपराधियों से दोस्ती सहन नहीं
सोतीगंज के कबाड़ी राहुल काला के साथ तीनों ही पुलिसकर्मियों के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अपराधियों से पुलिस की दोस्ती सहन नहीं की जा सकती है। तीनों पुलिसकर्मियों की जांच हुई थी। शासन स्तर पर तीनों पुलिसकर्मियों के दूरदराज ट्रांसफर हुए। - प्रवीण कुमार, आईजी मेरठ रेंज।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/