मेरठ जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार में चोरों ने नौचंदी थाने के पास से जल संस्थान के सेवानिवृत्त जीएम के घर से एक करोड़ का माल साफ कर दिया। बुधवार को बदमाश परतापुर के बिजलीघर से लाखों का सामान लूटकर ले गए थे। अब गुरुवार को सरधना से लेकर खरखौदा तक वारदातें कर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। एक के बाद एक वारदात से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है।
बदमाशों का कहर: तीन घंटे में पांच घरों में डकैती, पूर्व मंत्री के भाई की मीट फैक्टरी में डाका, देखें वारदात की तस्वीरें
सरधना थाना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव निवासी इस्राइल उर्फ राहुल ने बताया कि वह लैब टैक्नीशियन है। उसका मकान गांव के बाहरी हिस्से में है। बुधवार रात वह अपने घर पर गेट के पास बने कमरे में सोया था। रात करीब डेढ़ बजे करीब सात-आठ लोग मकान की छत के रास्ते से कमरे में घुस आए। वह खांसी-बुखार आदि की दवाई भी गांव में दे देता है। उसे लगा कि कोई दवाई लेने आया है। नाम-पता पूछा तो उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने मां नगीना, भाई साहिल, भाभी मंतसा को एक कमरे में बंद कर दिया।
रसोई में रखे दूध व ब्रेड को खाने पीने बाद बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब आठ हजार की नकदी व करीब साढ़े चार लाख के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। इसके बाद गन प्वाइंट पर इस्राइल को साथ लेकर पड़ोसी छोटन, आसुद्दीन और पूर्व प्रधान रियाजुद्दीन के यहां लेकर पहुंचे, लेकिन तीनों ही घरों में लोग जागते मिले।
इसके बाद पड़ोसी सलीमुद्दीन के मकान पर पहुंचे और नसीम पुत्र सलीमुद्दीन व नसीम की पत्नी रेशमा व महिला राबिया को गन प्वाइंट पर ले लिया। सभी परिजनों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद डकैती डाली, जिसमें हजारों की नकदी के साथ जेवरात आदि करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान लूट ले गए। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और जंगल के रास्ते फरार हो गए। रेशमा ने शोर मचाया तो जाग हो गई, तब जाकर मोहल्ले के लोगों ने परिजनों को बंधन मुक्त किया।
वहीं रात में ही सूचना 112 नंबर पर दी गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। बदमाश रात डेढ़ बजे गांव में घुसे और करीब साढ़े तीन बजे गए। सुबह के समय सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और जांच की। पुलिस ने मामला चोरी की घटना में दर्ज किया है। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि इस मामले की जानकारी मुझे नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व मंत्री के भाई की मीट फैक्टरी में बदमाशों ने डाली डकैती
मेरठ में हापुड़ रोड स्थित अल्लीपुर गांव में पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के भाई हाजी अयूब की बंद पड़ी मीट फैक्टरी में बदमाशों ने बुधवार को डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश गनमैन और गार्ड को बंधक बनाकर बंदूक समेत फैक्टरी से अन्य सामान लूट ले गए। 12 घंटे तक पुलिस मामले को दबाती रही। मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा, तब पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी की धारा में दर्ज किया। पुलिस ने गनमैन से भी पूछताछ की।
बसपा के पूर्व मंत्री हाजी याकूब के छोटे भाई हाजी अयूब अली निवासी सोहराब गेट कोतवाली की अल्लीपुर गांव में अल अयूब मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से मीट फैक्टरी थी, जो कि सील लगने के कारण कई वर्षों से बंद है।