अमर उजाला फाउंडेशन और शोभित डीम्ड यूनिवर्सिटी मेरठ की ओर से भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन यूपी के बागपत में किया गया। इसमें यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षा में 60 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि एसपी शैलेश कुमार पांडेय और सीडीओ पीसी जायसवाल ने मेधावियों को सम्मानित किया।
मेधावियों को मिला अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान, एसपी शैलेश पांडेय ने कहा- युवा देश की ताकत
सोमवार को दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के महावीर भवन में अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि युवा देश की ताकत हैं। बेहतर शिक्षा हासिल कर युवा देश को मजबूत बनाने का काम करें। समय की चुनौतियों से निपटने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी है। पांडेय ने कहा कि युवा सपनें जरूर देखें। सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत से आगे बढ़ें। सफलता का कोई शॉर्टकट फार्मूला नहीं होता है।
सीडीओ पीसी जायसवाल ने कहा कि 12वीं तक की पढ़ाई सही तरीके से पूरी करने वाले होनहार निश्चित तौर पर आने वाले कुछ ही सालों में देश के लिए बेहतर सेवाएं देंगे। स्नातक और परास्नातक की शिक्षा को भी गंभीरता के साथ पूरा करें। सीडीओ ने युवाओं से आह्वान किया कि वह पानी की बूंद-बूंद बचाने में सहयोग करें। युवा ही समाज को जागरूक कर अभियान में अमूल्य योगदान दे सकते हैं।
एसडीएम बड़ौत गुलशन कुमार ने भी युवाओं से मेहनत से शिक्षा हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ताकत से समाज और देश की दिशा बदल सकते हैं। शिक्षा के साथ सामाजिक कार्यों में भी सहभागिता करें।
शोभित डीम्ड यूनिवर्सिटी मेरठ के स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज की डायरेक्टर डॉ. पूनम देवदत्त ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता। यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के डीन डॉ. विशाल विश्नोई ने कहा कि युवा प्लानिंग के साथ आगे बढ़ें और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करें।