भारत बंद का पश्चिमी यूपी में मिला-जुला असर, खुले बाजार, कई नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद
उधर सहारनपुर में भारत बंद को बसपा ने भी समर्थन किया तो मंगलवार सुबह ही पुलिस बसपा जिलाध्यक्ष के घर पहुंच गई और उनको नजरबन्द कर दिया। रालोद जिलाध्यक्ष राव केसर सलीम को भी पुलिस ने उनके घर पर नजरबंद किया। रालोद ने सहारनपुर में हकीकत नगर से घंटाघर तक जुलूस निकालते हुए प्रदर्शन करने का ऐलान किया था।
सहारनपुर शहर में जामा मस्जिद के पास लगने वाला सब्जी बाजार आम दिनों की तरह खुला वहीं शहीद गंज की तरफ मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगना भी शुरू हो गया। हकीकतनगर धरनास्थल खाली पड़ा रहा। रालोद का एक भी कार्यकर्ता यहां नहीं पहुंच पाया, जबकि यहीं से इकट्ठा होकर रालोद कार्यकर्ताओं को जुलूस निकालते हुए घंटाघर पहुंचना था। शहर में बाजोरिया रोड पर बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी अपने समर्थकों सहित घर से बाहर निकले तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घण्टाघर पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने का एलान किया था।
बिजनौर में बंद को अब तक कोई असर नहीं दिखाई दिया। रोजाना की तरह बाजार पूरी तरह खुला। नांगल सोती में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर किसानों के समर्थन में विरोध प्रकट किया। नगरों में दुकानदार दुकान के बाहर एकत्र हैं। विचार कर रहे हैं कि बाजार खोलें या बंद रखें।
नजीबाबाद, जलालाबाद और साहनपुर में भारत बंद का मिलाजुला असर रहा। कई क्षेत्रों में दुकानें खुलीं। उद्योग व्यापार फोरम के व्यापारियों ने भी दुकानें खोली, नहटौर नगर में कोई चक्का जाम नहीं करेगा। ग्रामीण क्षेत्र में फुलसंदा, सदरूददीनगर, बालापुर, पुटठा में अपने अपने गांव के सामने रोड पर जाम लगाएंगे। नहटौर में आज साप्ताहिक बंदी है। कुछ दुकानें खुली हैं। अभी तक भारत बंद का कोई असर नहीं।
रालोद नेताओं को किया नजरबंद
बागपत जिले में सुबह भारतबंद का मिला जुला असर देखने को मिला। देहात क्षेत्र के गौरीपुर मोड, सरूरपुर कलां, छपरौली क्षेत्र के बाजार बंद है। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा में आधे बाजार बंद नजर आए, जबकि आधे खुले रहे। नगर में राष्ट्रवंदना चौक, बड़ौत में औद्योगिक पुलिस चौकी, दिल्ली बस स्टैंड, छपरौली चुंगी पर पुलिस तैनात की गई है।
रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना को उनके घर पर नजर बंद कर दिया गया है। बड़ौत में रालोद के पूर्व विधायक वीरपाल राठी, डॉ अजय तोमर को भी उनके घरों में नजरबंद किया गया है। एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा और सीओ बड़ौत आलोक कुमार मौजूद हैं। जाम सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक लगाया जाएगा।
शामली में बंद का असर नहीं सामान्य खुला बाजार
शामली जनपद में किसान संगठनों के बंद का असर नहीं दिख रहा है। बाजार सामान्य दिनों की तरह ही खुल रहा है। नगर के बड़ा बाजार, नाला पटरी बाजार, कबाडी बाजार, वर्मा मार्केट आदि की दुकानें सामान्य रूप से खुली हैं।
चौराहों पर पुलिस तैनात है। पुलिस ने रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन को उनके आवास पर नजरबंद किया है। कांधला, झिंझाना, थानाभवन, कैराना में भी बाजार सामान्य दिनों के तरह ही खुल रहा है। अजंता चौक पर धरना देने पहुंचे रालोद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस लोगों को कोतवाली ले गई।