पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अकबर बंजारा ने यूपी से असम, मिजोरम, मेघायल से होते हुए समुद्र के रास्ते बांग्लादेश तक गो-तस्करी कर 300 करोड़ से ज्यादा की अकूत संपत्ति अर्जित कर ली थी। ट्रक चलाने वाले अकबर बंजारा का नेटवर्क बढ़ता ही जा रहा था। वहीं अकबर बंजारा के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद मेरठ पुलिस उसकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाएगी।
ट्रक चालक से 300 करोड़ तक का सफर: बिजनेसमैन नहीं गो-तस्कर था अकबर बंजारा, समुद्र के रास्ते होती थी तस्करी, खौफनाक है पूरी कहानी
असम में अकबर के खिलाफ 12 मुकदमे
गो-तस्कर अकबर बंजारा के खिलाफ असम में 12 मुकदमे दर्ज है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अकबर बंजारा पूरा नेटवर्क फोन पर ही चलाता था। असम पुलिस दो साल से उसकी तलाश में जुटी थी और दो लाख का इनाम भी घोषित किया था। तमाम प्रयासों के बावजूद भी असम पुलिस उसको गिरफ्तार करने में नाकाम रही। अब मेरठ पुलिस ने रंगदारी के मामले में उसको गिरफ्तार किया तो असम पुलिस ने अकबर बंजारा और उसके भाई सलमान को बी-वारंट पर ले लिया था।
अकबर की गिरफ्तारी पर असम पुलिस ने मेरठ पुलिस को दिया था इनाम
गो-तस्कर अकबर बंजारा की गिरफ्तारी के बाद असम पुलिस ने मेरठ पुलिस को इनाम की दो लाख रुपये की राशि दी थी। मेरठ पुलिस अकबर पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर उसकी संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर रही थी।
हैरत की बात यह है कि देश के कई राज्यों में गो-तस्करी करने वाले अकबर बंजारा की मेरठ में कोई हिस्ट्रीशीट नहीं है। असम में एनकाउंटर से पहले मेरठ में अकबर की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस ने उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। इसी के बाद उस पर दो मुकदमे यहां दर्ज किए गए। पुलिस ने अकबर की दो कारें सीज कर दी थीं।
बिजनौर में 23 करोड़ की जमीन, शास्त्रीनगर में आलीशान कोठी
फलावदा में अकबर बंजारा की गुंडागर्दी चलती थी, इसकी जानकारी होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार करने से बचती थी। दो साल पहले बिजनौर के पास बंजारा ने 23 करोड़ की जमीन खरीदी थी। पुलिस ने बंजारा की संपत्ति की जानकारी जुटाई है। इसके बाद उसकी संपत्ति को गैंगस्टर के तहत जब्त करने की तैयारी भी पुलिस ने शुरू कर दी। वहीं लिसाड़ीगेट में बंजारा का 20 से ज्यादा दुकानों का एक मार्केट भी बताया गया है। इसके अलावा शास्त्रीनगर सेक्टर-10 में एक आलीशान कोठी है। इसकी कीमत तीन करोड़ बताई जा रही है। इन सभी संपत्तियों को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। इन संपत्तियों का जब्तीकरण या ध्वस्तीकरण किया जा सकता है।