कोरोना वायरस के खौफ के कारण चीन से मेरठ लौटे 56 लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। इनमें कारोबारी, छात्र, नौकरीपेशा और सैलानी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की 12 टीमों ने इनसे फॉर्म भरवाए हैं। 28 दिन तक इनकी निगरानी होगी। रोजाना इनके शरीर का तापमान, खांसी, जुकाम और गले के इंफेक्शन के बारे में पूछा जाएगा।
कोरोना वायरस: चीन से मेरठ लौटे 56 लोग निगरानी में, बोले-वहां तो कई शहरों में कर्फ्यू जैसे हालात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
31 दिसंबर 2019 से लेकर एक फरवरी 2020 तक चीन से मेरठ 79 लोग लौटे हैं। इनमें से 56 मेरठ और 23 दूसरे जिलों के हैं। मेरठ के 42 लोगों का नाम, पता सत्यापित कर इनसे फार्म भरवाया गया है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि इनमें से कोई भी बीमार नहीं है। न ही कोई चीन के सबसे प्रभावित शहर वुहान से आया है।
इनमें कुछ घूमने या कारोबार के सिलसिले में गए तो कुछ वहां नौकरी या पढ़ाई करते हैं। इस लिस्ट में वे लोग भी शामिल हैं, जो चीन में एयरपोर्ट तक भी पहुंचे हैं। छह लोगों के घर बंद मिले हैं। छह का पता नहीं मिला है। दो लोग जिले से बाहर हैं। अगर किसी में कोई लक्षण दिखा तो उसका सैंपल पुणे की प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
कर्फ्यू जैसे हालात
इन लोगों का कहना है कि चीन के कई शहरों (वुहान, शंघाई और बीजिंग) में कोरोना वायरस को लेकर काफी डर है। कर्फ्यू जैसे हालात हैं। वहां जॉब करने वालों को कंपनियां भी वापस भेज रही हैं। घर आकर अच्छा लग रहा है। भारतीय एंबेसी ने काफी मदद की है।
चीन में स्वास्थ्य सेवाएं भी काफी बेहतर हैं। इनके परिजनों का कहना है कि लगातार बात हो रही थी, मगर मन परेशान था। इन लोगों ने बताया कि एयरपोर्ट पर जांच हो रही है, जिसके बाद लोगों को भेजा जा रहा है। उनसे फार्म भरवाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी आई थी, जो फार्म भरवाकर गई है।
रहें सावधान... लक्षण दिखें तो दें सूचना
सीएमओ डा. राजकुमार के अनुसार ऐसे व्यक्ति जो पिछले दिनों चीन की यात्रा करके लौटे हैं, उन लोगों में अचानक बुखार, खांसी व सांस लेने में परेशानी हो तो उनमें कोरोना के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में सूचना देकर निशुल्क जांच एवं उपचार करवाएं।
चीन से आने वाले लोगों में लक्षण नहीं भी हैं तो करीब 28 दिनों तक घर से बाहर आवागमन सीमित रखें। सामान्य रोकथाम व बचाव को लेकर खांसते व छींकते समय रुमाल मुंह पर रखें। भोजन ग्रहण से पहले हाथों को साबुन से अच्छे से धोएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों से परहेज करें, जिसमें मॉल, बाजार, मेले जैसी जगहों पर जाने से बचें।