जर्मनी में पैदा हुईं कानपुर की बहू एक्ट्रेस सुजैन बरनर्ट अब सोनिया गांधी के किरदार में फिल्म 'द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में दिखेंगी। सुजैन राम मोहन का हाता, शिवाला निवासी जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता अखिल मिश्रा की पत्नी हैं। सुजैन कभी कानपुर नहीं आई हैं। मुंबई के मीरा रोड में अखिल और उनकी पत्नी सुजैन साथ में रहते हैं।
35 साल की सुजैन ने एक्टर अखिल मिश्रा से 2009 में शादी की थी। कलर्स टीवी के मशहूर धारावाहिक 'चक्रवर्ती अशोक सम्राट' में राजमाता हेलेना का किरदार निभाया था। सुजैन पहली ऐसी विदेशी अभिनेत्री हैं, जिन्होंने भारतीय टीवी सीरियल में खलनायिका का किरदार निभाया।
साल 2005 में सुजैन एक्टिंग की दुनिया में अपना कैरियर बनाने के लिए जर्मनी से मुंबई आई थीं। सुजैन सबसे पहले मुंबई आकर थिएटर से जुड़ीं। इसके बाद टीवी की दुनिया की तरफ रुख किया। सुजैन ने 'हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड' और 'नो प्रॉब्लम' फिल्मों में भी काम किया।
एक थियेटर के सिलसिले में उनकी मुलाकात कानपुर निवासी एक्टर अखिल मिश्रा से हुई। इसके बाद 3 फरवरी 2009 को दोनों ने शादी कर ली। सुजैन अंग्रेजी, जर्मन के अलावा बंगाली, मराठी और हिंदी धाराप्रवाह बोल लेती हैं और लावणी नृत्य में उन्हें महारत भी हासिल है।
किरदार तो किरदार होता है कलाकार अपना बेस्ट देता है: अखिल
एक्टर अखिल मिश्रा ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि उनकी पत्नी का किरदार वही है जो डायरेक्टर ने उन्हें लिखकर दिया है। एक्टर को जो भी स्क्रिप्ट दी जाती है वो अपना बेस्ट देता है। मेरा मानना है कि ये फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में टॉप पर होगी। क्योंकि फिल्म की कहानी देश की राजनीति को भी बयां कर रही है।