यूपी: कानपुर के इस स्कूल में क्या है खास जो रेल मंत्री पीयूष गोयल ने किया ये ट्वीट, आप भी देखें तस्वीरें
शिक्षाधिकारी का दावा है कि जिले का यह पहला स्कूल है जिसे ट्रेन की बोगी की तरह सजाया गया है। राज्य संसाधन शिक्षक समूह के सदस्य राजेश यादव ने बताया कि विद्यालय प्रधानाध्यापक इला पांडेय और शिक्षकों ने कायाकल्प योजना के तहत स्कूल भवन की रंगाई-पुताई नए अंदाज में कराने की योजना बनाई। उन्होंने ट्रेन की बोगी और इंजन की कल्पना को स्कूल भवन में साकार करने की ठानी।
बच्चों में स्कूल जाने के प्रति उत्सुकता, और उनको प्रोत्साहित करने के लिये कानपुर स्थित भीतरगांव में एक स्कूल को ट्रेन के कोच के रूप में रंगा गया।
इस प्रकार के प्रयोग बच्चों को स्कूल आने के लिये प्रेरित कर रहे हैं।
View on Koo: https://t.co/zZIZamPXnN pic.twitter.com/KznSeXnJWU
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) February 11, 2021
पेंटर को बुलाकर योजना समझाई और कार्य शुरू करा दिया। इस कार्य में पंचायत सचिव रामपाल से भी योगदान लिया गया। जब स्कूल भवन रंग-पुतकर तैयार हुआ तो देखने वाले दंग रह गए। दूर से देखने पर लगता है जैसे कि स्कूल भवन नहीं बल्कि, ट्रेन की बोगी खड़ी है। स्कूल भवन के नए लुक को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण और स्कूलों के शिक्षक भी आ रहे हैं।
विद्यालय भवन का बाहरी लुक जहां ट्रेन की बोगी का है, वहीं कमरों की दीवारों पर छात्रों की जानकारी के लिए पर्यावरण से संबंधित जानकारी और जीव-जंतुओं की आकर्षक चित्रकारी की गई। शिक्षकों का दावा है कि विद्यालय छात्रों के आकर्षण का केंद्र बनेगा और उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी पवन तिवारी ने बताया कि बेंहटा-गंभीरपुर गांव के परिषदीय विद्यालय की नए लुक में फोटो अभी मोबाइल पर ही देखी है। जिस नए लुक में विद्यालय की पेंटिंग कराई गई है, वह काफी आकर्षक है। ट्रेन की बोगी वाला स्कूल का नया लुक बच्चों को भी आकर्षित करेगा। अन्य शिक्षकों को भी इससे सीख लेनी चाहिए।