कानपुरः अगर आप बैंक जा रहे हैं तो कुछ जरूरी कागजात अपने साथ रखना न भूलें। आपकी जरा सी लापरवाही मुसीबत का सबब बन सकती है। जानें क्या हैं वो अहम कागजात..
दरअसल बैंकों में फर्जी चेक आदि से बढ़ते फ्रॉड से बैंकें और आरबीआई दोनों चिंतित हैं। फ्रॉड रोकने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बिना काम के बैंक आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। इसमें पुलिस की भूमिका भी रहेगी। पुलिस बैंकों में औचक निरीक्षण करेगी और यदि किसी संदिग्ध को पकड़ती है तो उससे बैंक आने का कारण भी पूछा जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि कुछ दिनों पहले माल रोड स्थित एसबीआई शाखा को पुलिस ने चाराें ओर से घेर लिया था। उस दौरान बैंक में मौजूद सभी खाताधारक या बैंकिंग लेन-देन करने आए लोगों से पूछताछ की गई थी।
इस दौरान जिनके पास पहचान संबंधी प्रमाण पत्र नहीं मिले थे। उनके परिजनों को भी बुलाया गया था। बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि आरबीआई के निर्देशों का पालन कराने के क्रम में यह व्यवस्था की गई है। यदि कोई भी व्यक्ति बैंक आ रहा है तो अपने साथ खुद का पहचान या निवास प्रमाण पत्र साथ लाएं।