एक इंजीनियरिंग कालेज के छात्र ने छात्रा की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। फोटो के साथ आपत्तिजनक कैप्शन लिखा गया था। जानकारी पर छात्रा ने परिजनों के साथ प्रबंधक से शिकायत दर्ज कराई। प्रबंधक ने आरोपी छात्र को कालेज से बाहर कर दिया।
उन्नाव सदर कोतवाली के दही चौकी में रहने वाली एक युवती अचलगंज के कोरारी स्थित इंजीनियरिंग कालेज की छात्रा है। छात्रा का आरोप है कि उसके साथ पढ़ने वाले एक युवक ने चोरी से फोटो खींच ली। इसके बाद फोटो फेसबुक और व्हाट्स एप ग्रुप पर शेयर कर दी। फोटो के साथ आपत्तिजनक कैप्शन लिखा गया था।
फोटो वायरल होने पर उसे मामले की जानकारी हुई। इस पर वह परिजनों के साथ बुधवार की दोपहर कालेज पहुंची। प्रबंधक को पूरे मामले की जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधक ने छात्र को तलब कर पूछताछ की। छात्र ने गलती स्वीकार कर ली। इस बीच छात्र के परिजनों को बुलाया गया। यहां परिजनों के सामने छात्र को कालेज से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। आरोपी युवक कानपुर के यशोदा नगर का रहने वाला है।