होली में गिरगिट रखें संग, जैसी जहां डिमांड बदल लें रंग...आप सोच रहे होंगे ये कौन सी हिदायत या सुझाव है! न ही ये सुझाव है और न ही ये हिदायत। ये है कानपुर बार एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में हुए कवि सम्मेलन की हास्य कविता। कवियों ने अपनी हास्य रचनाएं सुनाकर वकीलों को हंसने पर मजबूर कर दिया।
लखनऊ से आए अरविंद झा ने कविता सुनाई कि होली के त्योहार में गिरगिट रखे संग, जैसी जहां डिमांड हो वैसा ले लें रंग।
भोला नाथ अधीर ने अपनी रचना पढ़ी, जो थी अधीर छुई मुई उनके भी तेवर हो गए, सारे विधान दिखे उल्टे तब होली में बाबा भी देवर हो गए।
विवेक बाजपेई ने अपनी पंक्तियां सुनाई, मेक इन इंडिया में जुमले ने जोर मारा, बैठके कड़ाई पर पकौड़े तलने लगे। कवि केके अग्निहोत्री, आलम सुल्तानपुरी, प्रमोद तिवारी, अंसार कंबरी, विनोद दीक्षित, वेद प्रकाश संजर ने भी अपनी रचनाएं सुनाईं।