नूपुर शर्मा के विवादित बयान पर तीन जून को नई सड़क पर हुए बवाल के बाद से पुलिस प्रशासन सतर्क है। शुक्रवार को जुमे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। पुलिस कमिश्नर ने गुरुवार को सभी अफसरों के साथ बैठक कर निर्देश दिए। लोगों से भी अपील की कि वह शांति व्यवस्था बनाए रखें। मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद घर या अपने काम पर जाएं। किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं न उसमें पड़कर कोई गलत कदम उठाएं।
Kanpur Violence: जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट, चाक चौबंद की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
नई सड़क पर हुए बवाल के बाद तीसरे जुमे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर ली है। पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवाब तैनात किए गए हैं। साथ ही, ड्रोन से गलियों और छतों की निगरानी की जाएगी।
पुलिस अपने सोशल मीडिया एकाउंट के जरिये जागरूक करते हुए पोस्ट कर रही है, जिससे किसी भी तरह की अशांति न हो। पुलिस अफसरों ने 164 धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर शांति कायम रखने की अपील भी की। संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए कैमरों को सोलर पैनलों से जोड़ा गया है ताकि बिजली कटने पर भी कैमरे चलते रहे।
पुलिस के युवा मित्र करेंगे सहयोग
पुलिस की तरफ से 1834 पुलिस युवा मित्र बनाए गए हैं, इसमें शहर भर से चयनित युवा हैं। पुलिस कमिश्नर ने इनके साथ बैठक की। वे भी कानून व्यवस्था कायम रखने में मदद करेंगे। खासकर इनकी भूमिका अलग-अलग क्षेत्रों से सूचनाएं संकलित कर अधिकारियों को देने की है।
- 9 कंपनी पीएसी
- 4 हजार पुलिसकर्मी
- 7 एसपी, 6 एएसपी,14 डीएसपी, 74 इंस्पेक्टर, 306 सब इंस्पेक्टर की तैनाती
- 3 कंपनी आरएएफ
- 8 ड्रोन कैमरों से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
- 50 वीडियोग्राफर करेंगे संवेदनशील इलाकों की रिकॉर्डिंग
- सभी प्रमुख चौराहों को कैमरों से लैस किया गया है
- मुख्य स्थानों पर वॉटर कैनन और दमकल की गाड़ियां लगाई जाएंगी
- 2 हजार सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर तैनात किए गए हैं
- एलआईयू के अफसर मुस्तैद रहेंगे
शासन ने दिए निर्देश, सामान्य रहें हालात
नई सड़क पर शुक्रवार को हालात सामान्य रखने के लिए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने पुलिस और प्रशासन को संयुक्त रूप से काम करने के निर्देश दिए। गुरुवार को मुख्य सचिव ने वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पुलिस और प्रशासन के अफसरों के साथ बैठक की। जुमे की नमाज के बाद खास सतर्कता बरतने के लिए कहा।