कानपुर शहर और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार की शाम आंधी और बेमौसम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब 60 किलोमीटर की रफ्तार से चली आंधी में शहर के अलग-अलग इलाकों में 200 से ज्यादा पेड़ उखड़ गए। आंधी और पेड़ गिरने के कारण हुए हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। छह घायल हैं। कई दोपहिया व चारपहिया वाहन पेड़ों के नीचे दब गए। देर रात तक रुक- रुक कर करीब 30 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
बिजली के छोटे-बड़े 100 से अधिक खंभों के गिरने और तारों के टूटने से शाम करीब पांच बजे शहर की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। मरम्मत के बाद रात दस बजे 70 उपकेंद्रों को दोबारा चालू किया गया। इसके बाद शुरू हुई बारिश के कारण फिर फॉल्टों की झड़ी लग गई। देर रात तक शहर में ब्लैक आउट था। केस्को की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। दिल्ली-हावड़ा रूट, कानपुर झांसी और कानपुर-फर्रुखाबाद रूट पर पेड़ गिरने और ओएचई लाइन के ट्रिप होने से 22 से अधिक ट्रेनें फंस गईं।
2 of 5
kanpur weather update
- फोटो : amar ujala
हादसों में कई लोग हुए घायल
काकादेव में एक पेड़ चलते ऑटो पर गिर गया। हादसे में चालक सोनू (30) और उसमें सवार जमुना देवी (62) की मौत हो गई। उनकी दो बेटियां भी घायल हैं। वहीं, कल्याणपुर में पेड़ गिरने से चपेट में आए चार राहगीर घायल हो गए। पनकी में तेज आंधी से बचने के लिए भाग रहे युवक को वाहन ने रौंद दिया। पनकी में जलभराव के बीच बाइक फिसलने से गिरे युवक को ट्रक ने रौंद दिया।
3 of 5
kanpur weather update
- फोटो : amar ujala
फसलों को भारी नुकसान
कृषि विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं, चना, अरहर की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है। कानपुर सीएसए के मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी हल्के-मध्यम बादल रहेंगे और स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी हो सकती है।
4 of 5
kanpur weather update
- फोटो : amar ujala
कई इलाकों में देर रात तक भीषण जाम लगा रहा
मौसम विभाग ने शनिवार दोपहर बाद मौसम खराब होने का अलर्ट जारी किया था। अरब सागर, फारस की खाड़ी, बंगाल की खाड़ी आदि क्षेत्रों से लो प्रेशर जोन में तेजी से नमी आने के कारण शाम को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार लगभग 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली। शाम पांच बजे के बाद आधे घंटे तक 21.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। देर रात तक 30 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। जगह-जगह जलभराव और पेड़ गिरने के कारण शहर के कई इलाकों में देर रात तक भीषण जाम लगा रहा।
5 of 5
kanpur weather update
- फोटो : amar ujala
आंधी से होर्डिंग, बैनर फटकर ओएचई लाइन में फंसे, मेट्रो भी रुकी
रेलवे ट्रैक पर आंधी के कारण पेड़ गिर गए। होडिंग, बैनरों फटकर ओएचई लाइन में फंस गए, इस कारण लाइन ट्रिप होने से दिल्ली-हावड़ा रूट, कानपुर झांसी और कानपुर-फर्रुखाबाद रूट पर 22 ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। करीब 35 से 92 मिनट के मरम्मत कार्य के बाद तीनों रूटों को बहाल किया गया। रावतपुर से हैलट के बीच मेट्रो का संचालन भी करीब आधे घंटे ठप रहा।