कानपुरः संजय नगर, जाजमऊ स्थित सुपर हाउस टेनरी में शनिवार रात आग लग गई। आग ने टेनरी की तीन मंजिला इमारत को चपेट में ले लिया। धमाके के साथ एसी और केमिकल के ड्रम फटना शुरू हो गए। इससे आसपास के लोगों और टेनरियों के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास घरों के लोग कीमती सामान बटोर कर घरों से बाहर आ गए।
2 of 4
सुपरहाउस टेनरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइंस, कोतवाली निवासी मुख्तारूल अमीन की संजय नगर, जाजमऊ में सुपर हाउस टेनरी है। यहां तीन मंजिला इमारत में गोदाम और ऑफिस हैं। गोदाम में जूतों के अपर बनाने का रॉ मैटेरियल व तैयार माल रखा था। टेनरी के कर्मचारी जय प्रकाश ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम छह बजे टेनरी में कामकाज खत्म हो गया था। शाम करीब सात बजे सभी कर्मचारी और अधिकारी घर चले गए थे। केवल सिक्योरिटी गार्ड वहां थे। रात करीब 8:30 बजे टेनरी में आग लगी। मुहल्ले के निसार, नजीर, शादाब आलम और अरशद ने टेनरी से धुआं निकलता देखा। इसकी सूचना टेनरी के सिक्योरिटी गार्डों को दी। गार्डों ने आसपास के लोगों और टेनरियों के कर्मचारियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग बेकाबू हो गई।
3 of 4
सुपरहाउस टेनरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
जाजमऊ की सुपर टेनरी में आग की सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद चकेरी पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी पहुंचे। इस दौरान आग बेकाबू हो गई। दमकलों के देर से आने पर लोग भड़क गए और हंगामा किया। एसपी पूर्वी अनुराग आर्या व सीओ भी फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने पहले आक्रोशित लोगों को समझाया। जब नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद फायर कर्मी राहत और बचाव कार्य शुरू कर सके।
4 of 4
सुपरहाउस टेनरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
आग से टेनरी की तीसरी मंजिल की छत और पीछे की दीवार गिर गई। शीशे टूट गए और पूरी बिल्डिंग दरक गई। शुरू में फायर ब्रिगेड की 14 से ज्यादा गाड़ियां वहां पहुंची, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद लपटों पर नियंत्रण नहीं पा सकी। तब सेना और आर्डिनेंस फैक्ट्री समेत कई रक्षा प्रतिष्ठानों की दमकलें बुलाई गईं। रात साढ़े 12 बजे दमकल कर्मी आग पर नियंत्रण पार सके। फायर अफसरों का मानना है कि टेनरी में शार्ट सर्किट से आग लगी। रविवार को जांच के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। टेनरी और फायर विभाग के अफसर आग लगने की वजह और नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दे सके हैं। करोड़ों के नुकसान का अनुमान है।