Happy Maha Shivratri 2024: हर हर महादेव... के उद्घोष के साथ शुक्रवार को कानपुर समेत आसपास के जिलों में महाशिवरात्रि का उल्लास देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में शिवभक्त ऐतिहासिक शिवमंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व पूजन-अर्चन कर अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं। महाशिवरात्रि पर इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग, शिव योग जैसे संयोग भी बन रहे हैं। मान्यताओं के अनुसार यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के वैवाहिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है।
UP: महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड़...बम भोले के गूंजे जयकारे, इन तस्वीरों में करें भोले भंडारी के दर्शन
फर्रुखाबाद में शिवालयों में लगी लंबी-लंबी लाइनें
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के शिवालयों में भोर होते ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। रेलवे रोड स्थित श्री पांडेश्वर नाथ मंदिर में सुबह पांच बजे से ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। वहीं, कोतवाली घुमना के पीछे स्थित श्री कोतवालेश्वर नाथ महाराज मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ी पुठरी स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए कंवाड़ियों के जलते पहुंचे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिरों में पुलिस बल मौजूद है।
हरदोई में शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़
हरदोई जिले में महाशिवरात्रि के मौके पर हरदोई में न सिर्फ शिव मंदिरों बल्कि अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ है। सुबह से ही श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। मंदिरों में स्थापित शिवलिंगों पर दूध चढ़ाया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने गन्ने का रस भी शिवलिंग पर चढ़ाया। शहर के नुमाइश चौराहा पर स्थित शिव भोले मंदिर, मंडी परिसर में स्थित नीलकंठ मंदिर और तिकुनिया पार्क के पास स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कानपुर देहात के बाणेश्वर मंदिर में शुरू हुआ मेला
कानपुर देहात के रूरा कस्बे में स्थित बाणेश्वर महादेव मंदिर में भोर पहर से जलभिषेक के लिए मंदिर के कपाट खुले। सुबह से हजारों भक्तों भीड़ उमड़ी। कांवड़िये भी जल लेकर पहुंचे। मान्यता है कि इस मंदिर में मत्था टेकने से भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। इस मंदिर की स्थापना बलि पुत्र बाणासुर ने कराई थी। पुजारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि इस मंदिर के पास से एक सुरंग बनी है, जो रिंद नदी तक गई है । यहां एक दंत कथा यह भी बताई जाती है कि भगवान शिव को लंका ले जाते समय रावण ने इस शिवलिंग को जमीन पर रख दिया था। इसके बाद वह इस शिवलिंग को अपने साथ नहीं ले सका था। यहां आज से मेला भी शुरू हुआ है, जो होली तक चलेगा।
धर्मनगरी में निकाली जाएगी बाबा की भव्य बरात
चित्रकूट में शिवरात्रि की धूम है, रामघाट में भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। श्रद्धालु मंदाकिनी में डुबकी लगाकर महाराजधिराज मत्यागजेंद्रनाथ का जलाअभिषेक व दर्शन कर रहे हैं। शिवजी के दर्शन के लिए लंबी कतारे लगी हुई हैं। हजारों की संख्या में श्रद्धालु लाइनों पर लगे हैं। सुबह तीन बजे से अभी तक लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। मंदिर प्रबंधन की मानें, तो आज रात तक लगभग तीन लाख श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर दर्शन पूजन करेंगे। बाबा की आज भव्य बरात निकाली जाएगी।