जयपुर हत्याकांड: हत्यारोपी के जीजा को क्लीन चिट, चुनौती बना मोबाइल बरामद करना
उधर हत्यारोपियों की रिमांड दो दिन बढ़ गई है। जयपुर के प्रताप नगर स्थित यूनिक टॉवर अपार्टमेंट में कानपुर की श्वेता तिवारी(32) व उनके मासूम 21 महीने के बेटे श्रीयम की पिछले मंगलवार को हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने श्वेता के पति इंडियन ऑयल के अधिकारी रोहित तिवारी और उसके दोस्त आगरा निवासी सौरभ चौधरी को गिरफ्तार किया था।
डीसीपी पूर्वी डॉ. राहुल जैन ने बताया कि सौरभ के जीजा हरि सिंह के जरिये ही रोहित का उससे परिचय हुआ था। इसलिए उससे पूछताछ की जा रही थी। आशंका थी कि वह भी इसमें कहीं न कहीं शामिल होगा। मगर उसके खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिले। इसलिए उसको क्लीन चिट दी गई है।
इसके अलावा श्वेता के भाई शुभम ने तहरीर दी थी कि रोहित व उसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। डीसीपी के मुताबिक अभी तक की जांच में इन आरोप के संबंध में साक्ष्य नहीं मिले हैं। रोहित पत्नी श्वेता व बेटे के साथ जयपुर में रहता था जबकि ससुराल वाले दिल्ली में रहते हैं।
मोबाइल बरामद करना चुनौती
पुलिस ने 1 जनवरी को खुलासा कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद दो तीन दिन की रिमांड ली थी। जयपुर के डीसीपी पूर्वी डॉ. राहुल जैन ने बताया कि रिमांड के दौरान श्वेता का सिम बरामद कर लिया गया है, लेकिन अभी तक उनका मोबाइल नहीं मिला है। ऐसे में तीन दिन की रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड और मांगी।