प्रतापगढ़ में तब्लीगी जमात से जुड़े तीन और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पीड़ितों में दो महाराष्ट्र के भिवंडी और एक पुणे का रहने वाला है। तीन और लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या छह हो गई है। वहीं कौशाम्बी के क्वारंटीन सेंटर में रखे गए एक और युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस जिले में संक्रमितों की संख्या अब दो हो गई है।
प्रतापगढ़ में जमात से जुड़े तीन और कौशाम्बी में एक और मरीज मिला
इधर, खबर मिलने के बाद जेठवारा थाना के डेरवा बाजार में एक सेठ के मेहमानखाने में रुके 13 जमातियों को भी पुलिस ने प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन कराया था। दो दिन पहले इनका सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए लखनऊ भेजा था।
बुधवार शाम को इनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिलाधिकारी डा. रुपेश कुमार ने बताया कि डेरवा में रुके जमात के तीन लोग कोरोना पीड़ित मिले हैं। सभी को प्रयागराज भेजा जा रहा है। पीड़ितों का यात्रा इतिहास खंगाला जा रहा है। पता चला है कि तीनों लोग दुबई से मुंबई और फिर भिवंडी होते हुए ट्रक से डेरवा बाजार पहुंचे थे। सभी को प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन कराया गया था।
उधर कौशाम्बी में सिराथू इलाके के एक गांव में रहने वाला 21 वर्षीय युवक 29 मार्च को हरियाणा से घर आया था। यहां उसे स्थानीय गांव स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इसी क्वारंटीन सेंटर में 31 मार्च को जोधपुर से आए एक युवक को भी शिफ्ट किया गया था। उसकी जांच रिपोर्ट रविवार रात पॉजिटिव आई। पहले संक्रमित की रिपोर्ट आने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने उसके साथ क्वारंटीन सेंटर में रहे सभी आठ लोगों और संपर्क में आए चार अन्य सहित 12 को मुख्यालय मंझनपुर स्थित क्षय रोग अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया धा।