कोरोना संक्रमण की जांच के लिए बृहस्पतिवार को तब्लीकी जमात में शामिल हुए इविवि के प्रोफेसर समेत 26 संदिग्धों के स्वाब नमूने जांच के लिए बीएचयू भेजे गए। इनमें प्रोफेसर के परिवारीजनों के साथ कुछ जमातियों के संपर्क में आए लोग भी शामिल हैं।
इविवि के प्रोफेसर समेत 26 कोरोना संदिग्धों की जांच को लिए गए नमूने, 35 की रिपोर्ट निगेटिव
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिन 26 कोरोना संदिग्धों के स्वाब नमूने जांच के लिए भेजे हैं, उनकी रिपोर्ट शुक्रवार तक मिलने की संभावना है। इनमें अंबर पैलेस में क्वारंटीन 22 लोग, दो रायल गेस्ट हाउस और दो अन्य गेस्ट हाउस में क्वारंटीन शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. मेजर जीएस बाजपेेयी प्रोफेसर के स्वाब नमूना लिए जाने पर सीधे बोलने से बचते रहे। उन्होंने इसकी पुष्टि की है कि प्रोफेसर के परिवार के सदस्यों के नमूने लिए गए हैं। बताया कि बीएचयू में ये नमूने रात तक पहुंच जाएंगे। इन सभी लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
शाहगंज स्थित अब्दुलाह मस्जिद के मुसाफिरखाने से पकड़े गए 37 संदिग्धों मेें से 36 की फिर से कोरोना संक्रमण की जांच में 35 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एक लंबित रिपोर्ट पर संशय बना हुआ है। इससे पहले तब्लीगी जमातियों में शामिल एक इंडोनेशियाई युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसे कोटवा बनी स्थित कोविड लेवल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
काटजू रोड पर घर-घर पहुंची आरआरटी टीम
शाहगंज स्थित अब्दुलाह मस्जिद के मुसाफिरखाने से 31 मार्च को पकड़े गए कोरोना संदिग्ध जमातियों और उनके संपर्क में आने वालों को करेली के महबूबा पैलेस में क्वारंटीन किया गया है। यहां दूसरे प्रांत के चार संदिग्धों के साथ जमातियों को किसी से मिलने की इजाजत नहीं है। महबूबा पैलेस को बृहस्पतिवार को दो बार सैनिटाइज किया गया। फिलहाल 35 लोगों की रिपोर्ट आने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमों (आरआरटी) ने घर-घर स्क्रीनिंग का काम जारी रखा। यहां लोगों के नाम-पते और बाहर से आने वालों का विवरण भी दर्ज किया गया।