कटरा में मनमोहन पार्क चौराहा सोमवार शाम ताबड़तोड़ बमबाजी से दहल उठा। एक दिन पहले हुए विवाद को लेकर यहां दर्जनों बम फोड़े गए जिससे दहशत फैल गई। आरोप है कि हिंदू हॉस्टल के छात्रों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले। देर रात तक पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश देती रही।
प्रयागराजः कटरा में साड़ी शोरूम में ताबड़तोड़ बमबाजी, कारों के शीशे किए चकनाचूर, मची भगदड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घटना शाम 7.30 बजे के करीब हुई। मनमोहन पार्क चौराहे पर रोज की तरह मार्केट लगी थी। अचानक वहां 40-50 युवकों का एक गुट पहुंचा और बमबाजी शुरू कर दी। जोरदार धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई और वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। हमलावरों ने चौराहे पर स्थित साड़ी शोरूम पर भी एक के बाद एक कई बम फेंके, जिससे उसके शीशे टूट गए। यहीं दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। बम के साथ ईट-पत्थर चलाकर करीब आधा दर्जन कारों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। उधर, दहशत के चलते व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। जबकि वहां मौजूद ग्राहक भी जान बचाने के लिए दुकानों के भीतर छिप गए। इसी दौरान सूचना मिली तो कर्नलगंज पुलिस पहुंची। लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले।
कुछ देर बाद जार्जटाउन, सिविल लाइंस, शिवकुटी थाने की फोर्स लेकर एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी पहुंच गए। मौके से छह बम भी बरामद हुए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बम हिंदू हॉस्टल के छात्रों ने चलाए। आरोप लगाया कि एक दिन पहले भी हॉस्टल के छात्रों व व्यापारियों में विवाद हुआ था और इसी रंजिश को लेकर दहशत फैलाने की नीयत से बम चलाए गए। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आक्रोशित व्यापारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेताया कि कार्रवाई नहीं होने पर वह बाजार बंद कर सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। पुलिस ने किसी तरह समझाकर व्यापारियों को शांत कराया।
हॉस्टल में दबिश, कमरों में बंद मिले ताले
प्रयागराज। मामला हॉस्टल के छात्रों से जुड़ा था ऐसे में कई थानों की फोर्स व पीआरवी के साथ ही पीएसी के जवानों को भी बुला लिया गया। इसके बाद हमलावरोें की तलाश में एसपी सिटी ने फोर्स लेकर हिंदू हॉस्टल में दबिश दी। तलाशी के दौरान हॉस्टल के सभी कमरों में ताले लगे मिले। एक दिन पहले मनमोहन पार्क के व्यापारियों का जिस अभिषेक यादव नाम के छात्र से विवाद हुआ था, पुलिस उसके 37 नंबर कमरे पर भी पहुंची लेकिन वहां भी ताला बंद मिला। देर रात तक पुलिस हॉस्टल में तलाशी में जुटी थी।
बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी