इंडोनेशियाई नागरिक के कोरोना से मुक्त होने के बाद से अब तक सुरक्षित प्रयागराज फिर संक्रमण की जद में आ गया है। शुक्रवार को शंकरगढ़ और शहर के शिवकुटी में तीन युवकों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है। कोरोना संक्रमित मिले मरीजों में मुंबई से लौटे दो युवक शंकरगढ़ के कपारी गांव के हैं, जबकि मार्च में वाराणसी गए तेलियरगंज के युवक की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
रेड जोन में प्रयागराज, लॉकडाउन में राहत की उम्मीदों को लगा तगड़ा झटका
कोरोना के नोडल इंचार्ज डिप्टी सीएमओ डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि तेलियरगंज पीतांबरनगर के शंकरघाट के जिस 35 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है, वह मार्च में मंडुवाडीह-नई दिल्ली एक्सप्रेस से वाराणसी गया था। वह जिस बोगी में सवार था, उसी में वाराणसी के एक निवासी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद ट्रेन में सवार सभी लोगों की सूची तैयार कर वाराणसी के एसएसपी ने पत्र के माध्यम से जानकारी प्रयागराज जिला प्रशासन को दी।
सूचना मिलने के बाद तेलियरगंज के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस से ले जाकर युवक को कालिंदीपुरम स्थित सेंटर पर क्वारंटीन करा दिया। बृहस्पतिवार को स्वाब सैंपल जांच के लिए मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। शुक्रवार को उसमें कोरोना की पुष्टि हुई।
युवक के परिवार और संपर्क में आने वाले लोगों को भी क्वारंटीन कराया गया है। उधर, शंकरगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मिले दोनों युवक चचेरे भाई हैं। दोनों मुंबई में काम करते हैं। 10 दिन पूर्व युवक के पिता की बारा पॉवर प्लांट के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। ई-पास के जरिए दोनों मुंबई से निजी वाहन से यहां 21 अप्रैल को आए थे। प्रशासन ने कपारी गांव को सील कर दिया है।
इससे पहले इंडोनेशियाई नागरिक में मिला था संक्रमण
प्रयागराज में पहली बार स्थानीय तीन लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। इससे पहले जमात से लौटा इंडोनेशियाई नागरिक संक्रमित पाया गया था। एक अवधि तक इलाज के बाद उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके साथ ही प्रयागराज संक्रमण से मुक्त हो गया। लेकिन, अब एक साथ तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, जिससे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है।
आशा कार्यकर्ताओं के सर्वे में ट्रेस हुए थे मुंबई से आए युवक
शंकरगढ़ के कपारी गांव में मुंबई से आए दोनों युवकों को आशा कार्यकर्ताओं ने अपने सर्वे के दौरान ट्रेस किया। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच कराने को कहा गया। दोनों युवक 22 अप्रैल को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य गए तो दोनों में जुकाम, बुखार के लक्षण देख एंबुलेंस से कालिंदीपुर भेज दिया गया। यहां उन्हें क्वारंटीन कर जांच कराई।इसके बाद दोनों में कोरोना की पुष्टि हुई। इससे शंकरगढ़ के कपूरी गांव में हड़कंप मच गया है। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने कहा कि तीनों कोरोना पॉजिटिव युवकों को कोटवा-बनी स्थित कोविड-19 लेवन-1 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। लेवल-1 हॉस्पिटल के नोडल इंचार्ज एसीएमओ डॉ. वीके मिश्रा ने कहा कि तीनों मरीज देर रात तक अस्पताल में भर्ती हो गए हैं।