जिले में कोरोना संक्रमण प्रसार में कमी आई का स्तर बरकरार है। बुधवार को जिले में 8010 लोगों की कोरोना जांच की गई। 24 घंटे में चार नए पॉजिटिव चिह्नित किए गए हैं। छह लोगों ने कोरोना को मात दी। राहत रही कि किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एके तिवारी के मुताबिक जांच का दायरा बढ़ाया गया है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के साथ एयरपोर्ट पर कोविड जांच के लिए आठ अतिरिक्त टीमें लगाई गई हैं। बुधवार को भी इन स्थलों से किसी यात्री में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि जिन छह लोगों ने कोरोना को मात दी है, सभी ने होम आइसोलेशन पूरा किया है।
महाराष्ट्र, केरल से आने वालों पर है नजर
स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र और केरल समेत उन राज्यों से आने वालों की कोविड जांच कराने में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां कोरोना संक्रमण ज्यादा है। थर्मल स्कैनिंग के बाद बुखार, खांसी के लक्षणों को देखकर कोविड जांच के नमूने लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के मुताबिक यात्रियों में कई ऐसे भी शामिल होते हैं, जिन्होंने यात्रा से पहले कोविड जांच कराई थी और रिपोर्ट निगेटिव थी।
42 केंद्रों पर 11489 ने लगवाई कोविड वैक्सीन की डोज
जिले में कोविड वैक्सीन की खेप आने के बाद टीकाकरण की रफ्तार बढ़ गई है। बुधवार को 42 केंद्रों पर 11482 लोगों ने टीकाकरण कराया। जिले के केंद्रीय वैक्सीन भंडार में करीब 40 हजार वैक्सीन की डोज का स्टॉक है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. तीरथ लाल के मुताबिक शासन से वैक्सीन की आपूर्ति होने से टीकाकरण सत्रों की संख्या बढ़ाई गई है। जल्द ही ब्लॉकों में क्लस्टर अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में माइक्रोप्लान अनुमोदन को भेजा गया है। डॉ. तीरथ के मुताबिक बुधवार को 8586 लोगों ने पहली और 2903 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई।
सात स्थानों पर वर्क साइट वैक्सीनेशन किया गया। वहीं मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज केंद्र पर कुल 1108 लोगों का टीकाकरण किया गया। यह जिले में सर्वाधिक डोज लगाने वाला केंद्र बना। नोडल चिकित्साधिकारी डॉ. उत्सव सिंह के मुताबिक महिला स्पेशल के
पिंक बूथ पर 122 महिलाओं ने वैक्सीन की डोज लगवाई। वहीं विदेश यात्रा की तैयारी कर चुके 92 लोगों ने टीकाकरण कराया।