कोरोना संक्रमण से मुक्ति पाए तीन युवकों को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसमें एक युवक तेलियरगंज के शंकरघाट का है, जबकि दो युवक शंकरगढ़ के कपारी गांव के रहने वाले हैं। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी ने बताया कि तीनों युवकों के जाने से जिले में अब 12 एक्टिव केस रह गए हैं। जिले में कोरोना के अब तक 17 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं, इनमें से चार ठीक हो चुके, जबकि एक की मौत हो गई।
प्रयागराज में संक्रमित तीनों युवकों को अस्पताल से मिली छुट्टी
अब बाहर से आए लोगों का विवरण रखेंगी मोहल्ला निगरानी समितियां
अब बाहर से आए लोगों के बारे में पूरी जानकारी मुहल्ला निगरानी समितियां रखेंगी। यह समितियां बाहरी मजदूरों का विवरण तो जुटाएंगी ही, उनके बारे में सूचना भी देंगी। शनिवार को नगर निगम परिक्षेत्र के प्रत्येक मुहल्लों में अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। खुल्दाबाद जोन कार्यालय के अन्तर्गत 26 वार्डो के 137 मोहल्लों में 137 समितियां गठित की गईं। गऊघाट जोन कार्यालय के 14 वार्डो में 50 समितियां गठित हुईं। कटरा जोन के 22 वार्डो में 89 समितियां,अल्लापुर जोन के 13 वार्डो में 137 समितियां, नैनी जोन के पांच वार्डो में 26 समितियां गठित हुई।
सफाईकर्मी की रिपोर्ट निगेटिव, एसआरएन में तीन भर्ती
प्रयागराज। अल्लापुर स्थित हैजा अस्पताल के सफाई कर्मी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसकी तबीयत खराब होने पर उसकी जांच का नमूना शनिवार को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि शनिवार को कोरोना की आशंका में एसआरएन में तीन लोगों को भर्ती किया गया है।
वहीं सैदाबाद, बरौत और कौड़िहार ब्लॉक के दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के परिजनों के नमूने लिए गए हैं। नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने कहा कि 60 संपर्कियों के नमूने भी जांच को भेजे गए हैं। उधर, मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की देर रात 150 नमूनों की जांच की गई है। इसमें 40 नमूनों की दोबारा जांच की जा रही है, जबकि 110 की रिपोर्ट फाइनल स्थिति में है। इसमें चित्रकूट के तीन लोगों में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, बाकी रिपोर्ट निगेटिव है। इसमें प्रयागराज के छह, सोनभद्र के 10, मिर्जापुर के पांच, कौशांबी के 27, चित्रकूट के 40, फतेहपुर के 10 नमूने शामिल हैं।