घर-घर राशन पहुंचाने की योजना फिलहाल पूरी होती नहीं दिख रही। शुक्रवार को वाहनों तथा ठेलियों से दूध एवं सब्जी की आपूर्ति जरूर की गई लेकिन, कुछ चुनिंदा मोहल्लों में। गलियों में तो कोई ठेलिया वाला भी नहीं पहुंचा। ऐसे में रोजमर्रा की वस्तुओं के लिए घरों से निकलना पड़ा।
LockDown: प्रयागराज में घर-घर राशन पहुंचाने के दावे फेल, दूध और सब्जी भी कुछ चुनिंदा मोहल्लों में पहुंचा
घर-घर राशन पहुंचाने की योजना बनी पहेली
घर-घर राशन पहुंचाने की योजना पहेली बन गई है। यह सुविधा किन दुकानों पर है और इसके लिए शहरियों को क्या करना होगा इसकी जानकारी किसी को नहीं है। कटरा के दुकानदारों का कहना था कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मम्फोर्डगंज के अनिरूद्ध माथुर का कहना था कि उन्होंने अपने राशन वाले से इस बारे में बात की लेकिन, उसे भी कोई जानकारी नहीं थी।
कम से कम 1500 रुपये की करनी होगी खरीदारी
मॉल तथा बड़े स्टोर से होम डिलेवरी की व्यवस्था की गई है। इसके लिए ऑनलाइन बिजनेस करने वाली कंपनियों के माध्यम से बुकिंग की जा सकती है लेकिन, कई मॉल वालों ने न्यूनतम खरीदारी की शर्त लगा रखी है। सिविल लाइंस के एक मॉल ने बोर्ड भी लगा रखा है कि न्यूनतम 1500 रुपये की खरीदारी पर ही होम डिलेवरी की जाएगी।
इसी तरह से कई अन्य मॉल वालों ने भी शर्त लगा रखी है। गौर करने वाली बात यह है कि प्रशासन ने अधिकतम तीन दिनों का राशन देने की ही अनुमति दी है। मॉल और दुकानदारों को भी निर्देश है कि वे किसी को तीन दिन से अधिक का राशन न दें। ऐसे में न्यूनतम 1500 रुपये की खरीदारी पर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
दिन में बंद रहीं दुकानें
दुकानों पर एक साथ भीड़ न जुटने पाए इसलिए जिला प्रशासन ने सुबह छह से रात 11 बजे तक दुकानें खोले जाने का निर्देश दिया है। इसके विपरीत ज्यादातर दुकानें सुबह 10 बजे तक खुलीं। इसके बाद शाम को खुलीं। कटरा, लक्ष्मी टाकीज, मम्फोर्डगंज आदि क्षेत्रों में राशन-किराना की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं।
व्यापारी कंट्रोल रूम में कर सकते हैं शिकायत
डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को बैठक कर व्यापारियों से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने जमाखोरी और अधिक कीमत लिए जाने पर रोक लगाने की बात कही। व्यापारियों को आश्वस्त किया उन्हें, वर्कर्स तथा उनके वाहनों को कहीं रोका नहीं जाएगा।डीएम का कहना था कि उन्होंने कई दुकानदारों से बात की। दुकानदारों ने आटा, चावल, दाल आदि की कमी होने की बात कही। उन्होंने इस कमी को जल्द से जल्द पूरा ककराने की अपील की। डीएम ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश के बाहर से आवश्यक वस्तुएं मंगानी है तो उसके बारे में बताएं। इसके लिए पास जारी किया जाएगा। डीएम ने कहा कि कंट्रोल रूम के नंबर 0532-2266098 और 2266099 पर व्यापारी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। तत्काल समाधान किया जाएगा।