इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के हॉस्टलों में रहने वाले छात्रों को अब राशन या भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। हॉस्टलों में मंगलवार से मेस का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को कुलपति प्रो. आरआर तिवारी की अध्यक्षता में हुई हॉस्टल अधीक्षकों की बैठक में लिया गया।
कुलपति ने सभी अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि हॉस्टलों में निवास कर रहे वैध-अवैध छात्रों को चिह्नित कर उनकी लिस्ट तैयार कर ली जाए। अवैध लोग हॉस्टल में कैसे आ गए हैं, इसकी रिपोर्ट भी तैयार की जाए। वैध छात्रों की संख्या के हिसाब से ही हॉस्टलों की मेस में भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही लॉक डाउन के दौरान सभी हॉस्टलों में सैनिटाइजेशन, हाईजीन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
कुलपति ने उन छात्रों को भी चिह्नित किए जाने के निर्देश दिए हैं, जो हॉस्टल के कमरे में भोजन पकाते हैं। हॉस्टल के कमरों में रसोई गैस आदि का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। उन्होंने अधीक्षकों से कहा है कि छात्रों को सख्त हिदायत दी जाए कि कमरों में भोजन न पकाएं और मंगलवार से हर हालत में हॉस्टलों में मेस का संचालन शुरू करा दिया जाए। कुलपति ने डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों को लागू कराएं और हर दिन कुलपति को इस बारे में पूरी रिपोर्ट दें। बैठक में रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला समेत सभी हॉस्टलों के अधीक्षक मौजूद रहे।
इविवि के तीन दफ्तरों में कामकाज शुरू
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के तीन दफ्तरों में सेामवार से कामकाज शुरू हो गया। इनमें कुलपति कार्यालय, रजिस्ट्रार कार्यालय और वित्त अधिकारी कार्यालय शामिल हैं। अन्य कार्यालयों में कामकाज शुरू करने के लिए इविवि प्रशासन को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार है।