ट्रेन में नेग पर कुश्ती: जब असली और नकली किन्नरों का महाकौशल एक्सप्रेस में हुआ आमना-सामना, यहां भी रियल वाले पड़े भारी
मारपीट के दौरान एक यात्री ने झगड़े का वीडियो बनाकर रेल मदद एप पर डाला और शिकायत की। सुबह करीब साढ़े सात बजे गाड़ी आगरा कैंट पहुंची। यहां आरपीएफ ने जनरल कोच से तीन किन्नरों को पकड़ लिया, जबकि नकली किन्नर ट्रेन से उतरकर पहले ही भाग गए थे।
पकड़े गए किन्नर राधिका, मोहिनी व मंजरी हैं, जिन्हें रेलवे कोर्ट में पेश किया गया। तीनों के खिलाफ बेटिकट यात्रा करने, शांति भंग करने और रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
यात्रियों के साथ भी की बदसलूकी
महाकौशल एक्सप्रेस के यात्रियों ने बताया कि साधारण कोच में किन्नर यात्रियों से नेग के नाम पर वसूली कर रहे थे। रास्ते भर यात्रियों के साथ बदसलूकी और जबरदस्ती की। इसको लेकर यात्रियों से भी उनका विवाद हुआ था। कुछ यात्रियों ने नेग देने से इनकार किया तो किन्नरों ने उनकी पिटाई कर दी।
आगरा से पलवल तक करते हैं उगाही
रेल यात्री परामर्श समिति के सदस्य राजकुमार शर्मा ने कहा कि ट्रेनों में किन्नरों का आतंक आगरा से पलवल तक है। किन्नर पलवल और आगरा से ट्रेनों में सवार होकर यात्रियों से वसूली करते हैं। ज्यादातर किन्नर जनरल कोचों में वसूली करते हैं मगर ट्रेन के ठहराव होने पर एसी कोचों में भी पहुंच जाते हैं। आरपीएफ और ट्रेनों में चलने वाली जीआरपी भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।