आगरा के गांव धांधूपुरा स्थित आरपी नगर कॉलोनी के जिस मकान में हादसा हुआ, उसकी छत गार्डर और पत्थर से बनी हुई है। दूसरी मंजिल की छत पर पार्टी चल रही थी। युवक मस्ती में गानों पर डांस कर रहे थे। तभी हादसा हो गया। छत गिरने से गांव में तेज आवाज हुई। इससे दहशत फैल गई। मकान की छत पर बचे लोगों ने पड़ोसियों के मकान पर कूदकर खुद को बचाया। उधर, ग्रामीण भी मदद के लिए दौड़े। एक-एक करके घायलों को बाहर निकाल लाए। बाद में पुलिस ने पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सीओ सदर राजीव कुमार के मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया है कि मकान मोहित शर्मा का था। वह पहले फैक्टरी चलाते थे। उन्होंने कुछ महीने पहले मकान ताजगंज निवासी गजेंद्र हरी वर्मा उर्फ सोनू वर्मा को बेच दिया है। वह मकान में निर्माण कार्य करा रहे हैं। अनिकेत उनका परिचित है। उसने पार्टी का आयोजन किया था। एक-एक करके 50-60 युवक छत पर चढ़ गए। बता दें कि आरपी नगर कॉलोनी में रविवार रात को जन्मदिन पार्टी के दौरान दो मंजिला मकान की छत भरभराकर गिर गई थी जिसमें दो युवकों की मौत हो गई।
जन्मदिन की पार्टी में हादसा: केक भी नहीं काट सका युवक, दहशत का आलम ऐसा कि जान बचाने को दो मंजिला मकान से कूदे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पार्टी में शामिल अनिकेत के दोस्त शैलेंद्र ने बताया कि दोस्त डांस कर रहे थे। इस दौरान अनिकेत केक काटने की तैयारी कर रहा था। कुछ दोस्त पहली मंजिल पर भी खड़े हुए थे। दूसरी मंजिल की छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। वह पहली मंजिल पर आ गिरा। उसके साथ छत पर खड़े कुछ लोग नीचे आ गए। इससे पहली मंजिल की छत भी ढह गई। हादसे में दोनों मंजिल पर खड़े लोग मलबे में दब गए। चीख पुकार से भगदड़ मच गई। कुछ ही देर में छत का बाकी हिस्सा भी गिरने लगा। यह देखकर अनिकेत सहित अन्य युवक पड़ोस के घरों की छतों पर कूद गए। हादसे के बाद तेज आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पहले लोगों को लगा कि कोई धमाका हुआ है। बाद में उन्हें मकान के ढहने का पता चला।
गांव में गजेंद्र हरि वर्मा के घर के बराबर में कई और मकान बने हुए थे। लोगों को आशंका थी कि मकान का बाकी बचा हिस्सा भी ढह सकता है। इससे उनके मकान भी चपेट में आ सकते हैं। इस कारण लोग घरों से बाहर भाग गए। पुलिस ने भी पहुंचकर लोगों को दूर हटा दिया।
गांव धांधूपुरा के आरपी नगर में हुए हादसे की जानकारी पर सबसे पहले ग्रामीणों ने ही बचाव कार्य शुरू किया। मकान के गिरने की परवाह नहीं करते हुए साहस दिखाते हुए कुछ ग्रामीण अंदर घुस गए। इसके बाद गार्डर और पत्थर हटाकर युवकों को निकालना शुरू कर दिया। घायल दर्द से कराह रहे थे। 15 मिनट बाद पुलिस एंबुलेंस के साथ पहुंच गई। एक घंटे में सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस में अस्पताल तक ले जाने में मदद की।
राज्य मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, मोहन सिंह चाहर आदि घटना की जानकारी पर पहुंच गए। राज्य मंत्री ने बताया कि पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है। घायलों का उचित उपचार कराया जाएगा।