आगरा में समस्याओं से जूझ रहे लोगों ने विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का एलान किया है। देवरैठा की 28 कॉलोनियों के लोगों ने सड़क नहीं बनने और जलभराव के विरोध में चुनाव बहिष्कार का एलान किया है। दूसरी तरफ धनौली, अजीजपुर और सिरौली में नाला नहीं बनने के विरोध में 66 दिन से धरना-प्रदर्शन जारी है। घरों पर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगाकर लोगों ने चुनाव में वोट नहीं डालने का फैसला किया है। शंकरगढ़ की पुलिया से देवरैठा, मानसरोवर, विलासगंज रोड स्थित कॉलोनियों के लोगों में सरकारी विभागों की उपेक्षा और जनप्रतनिधियों की अनदेखी से आक्रोश है। इन कॉलोनियों में 25 हजार से अधिक परिवार रहते हैं।
आगरा में सड़क-नाला न बनने पर आक्रोश: लोगों ने घरों पर लगाए 'मकान बिकाऊ है', 'चुनाव बहिष्कार' के पोस्टर
क्षेत्रीय निवासी भोरन सिंह ने बताया कि 1972 में मास्टर प्लान बना था। तब यह जयपुर रोड से लिंक वैकल्पिक मार्ग था। जब हमने यहां प्लॉट खरीदे तो हमें सड़क, बिजली व अन्य सुविधाएं दिखाई गईं, लेकिन 40 साल बाद भी यहां विकास नहीं हुआ।
पीएम तक भेजी शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
क्षेत्रीय निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि डीएम से लेकर सीएम और प्रधानमंत्री तक शिकायतें भेजीं। 13 साल से सड़क नहीं बनी। यहां रहने में शर्म आती है। सरकारी विभाग की लापरवाही से तंग आ चुके हैं। इंद्रा सिंह ने कहा कि रास्ते में गंदा पानी भरा रहता है। 50 से अधिक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सरकारी विभाग एक दूसरे पर टालते रहते हैं। समस्या का समाधान कोई नहीं करता।
इन कॉलोनियों के लोग परेशान
पंचशील कॉलोनी, नवनीत नगर, मानसरोवर कॉलोनी, विलासगंज, शंकरगढ़ पुलिया, दौरेठा, सैनिक नगर, आनंद विहार, वायु विहार, अवधपुरी नई आबादी, सरस्वती नगर, गोविंद एन्कलेव, महावीर नगर, विराट आशियाना, दौरेठा नंबर एक व दो, न्यू आजमपाड़ा, अंबे विहार, मुकुंद नगर, नई बस्ती विलासगंज, कलवरी, विवेक विहार, मुन्नी विहार, सिकंदर कॉलोनी, विरोना विहार आदि कॉलोनियों के लोग परेशान हैं।
धनौली, अजीजपुर, सिरौली रोड सहित जगनेर रोड पर सड़क के दोनों किनारों पर एक किमी तक घरों पर मकान बिकाऊ और चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चस्पा हैं। रविवार को नाला निर्माण के लिए 68वें दिन क्षेत्रीय लोगों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जिन्हें वोट दिया उन्होंने क्षेत्र में काम नहीं कराए तो अब वोट देने से क्या फायदा।
13 अक्तूबर से सिरौली रोड पर गंदे पानी की स्थायी निकासी के लिए नाला निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोग आंदोलित हैं। चौधरी प्रेम सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी से आराधना गैस गोदाम तक सड़क के दोनों तरफ मकान बिकाऊ व चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चस्पा हैं। दो दिन से पोस्टर लगा रहे हैं। जलभराव के कारण पानी घरों में भर जाता है। कई लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में उन्होंने मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए हैं। क्षेत्रीय निवासी कोमल सिंह ने बताया कि जिन नेताओं को हमने चुनकर भेजा था उन्होंने काम नहीं कराया। हम व्यक्तिगत नहीं, जनहित के लिए लड़ रहे हैं।