पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान शनिवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा फरह में संचालित हाथी संरक्षण केंद्र में भ्रमण किया। इसके बाद देश का पहला हाथी अस्पताल भी देखा। तीसरी बार वाइल्डलाइफ एसओएस के सेंटर में पहुंचे क्रिकेट स्टार और पशु प्रेमी युसूफ पठान ने संस्था के हाथी संरक्षण और देखभाल केंद्र (ईसीसीसी) में रहने वाले हाथियों का अभिवादन कर अपने दिन की शुरुआत की।
हाथियों की 'अनूठी दुनिया': युसूफ पठान ने किया हाथी संरक्षण केंद्र का भ्रमण, 'नीना' और 'जारा' से मिले
युसूफ पठान ने कहा कि मैं पिछले 15 साल से वाइल्डलाइफ एसओएस के साथ जुड़ा हुआ हूँ। उनके सेंटर का यह मेरा तीसरा दौरा है। जब मैं पहली बार यहां आया था, तब वाइल्डलाइफ एसओएस शुरू ही हुआ था। तब से अब तक इस संस्था ने प्रशंसनीय विकास किया है।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि यूसुफ पठान एक समर्पित वन्यजीव संरक्षक रहे हैं, जो वर्षों से लगातार हमारे काम का समर्थन करते आए हैं। वन्यजीव संरक्षण के लिए उनका समर्थन जनता को जंगली जानवरों के संरक्षण और इसकी आवश्यकता के बारे में एक सकारात्मक संदेश भेजने में मदद करेगा।