शिमला के मालरोड के एक मसाज पॉर्लर से पकड़ी गईं युवतियों को नारी निकेतन में ही रखा गया है। अब युवतियों को अपने परिजनों का इंतजार है जो यहां से उन्हें ले जाएं। इन्हें पुलिस सुरक्षा के बीच रखा गया है। यहां रखी छह युवतियों में से अभी तक उनके परिजनों ने कोई संपर्क नहीं किया।
शनिवार रात को पुलिस ने दबिश देकर एक मसाज सेंटर से इन्हें पकड़ा था। यही नहीं इस मसाज सेंटर में मसाज करवाने वाले लोगों पर भी पुलिस की नजर है। सेंटर में कार्ड स्वैप कर मसाज की पेमेंट करने वालों की पुलिस ने सूची बनाना शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी युवतियों ने अपने बयान में कहा है कि मसाज के नाम पर वहां अनैतिक काम भी होते थे। ग्राहक की मांग के अनुसार ही वह सर्विस देती थीं। मसाज से शुरू करके और फिर 'हैप्पी एंडिंग' की जाती थी।
युवतियों के बयान से साफ है कि स्पा की आड़ में गैर कानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। युवतियों के इस खुलासे के बाद अब स्पा संचालक की मुश्किलें बढ़तीं जा रही हैं। संचालक यहां लीज पर स्पा चला रहा था। संचालक उत्तराखंड का रहने वाला है और मसूरी में भी एक स्पा चला रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। स्पा में आने वाले ग्राहकों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। कहा कि जिन ग्राहकों ने स्वैप से भुगतान किया है उन तक पहुंचना आसान है और उनके बैंक खाते के जरिये पूरा एड्रेस मिल जाएगा।