राजधानी शिमला के माल रोड पर चल रहे स्पा का संचालक थाना सदर में पुलिस तफ्तीश में शामिल हुआ। यह उत्तराखंड का रहने वाला है और इसने स्पा को अक्तूबर में ग्यारह महीने की लीज पर लिया था। इस दौरान तीन महीने का एडवांस मालिक को 2 लाख 24 हजार दे चुका था। मालिक जिला शिमला के रोहडू का रहने वाला बताया जा रहा है। स्पा से गिरफ्तार आरोपी मैनेजर को रविवार को डीडीयू अस्पताल में मेडिकल के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया। स्पा से पकड़ी गई एक विदेशी युवती सहित सभी छह लड़कियों के सोमवार को अदालत में बयान दर्ज करवाएं जाएंगे।
ग्राहक से स्पा में फीस के तौर पर 500 से 2000 हजार रुपये घंटे के हिसाब से लिए जाते थे। पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि यह स्पा अवैध चल रहा था और रेट लिस्ट से कहीं अधिक पैसा वसूल किया जा रहा था क्योंकि जब पुलिस ने स्वैप करने वाली मशीन जांची तो उसमें शनिवार को ही 5100 से 8000 हजार तक के पैसे के बिल थे। इससे पुलिस को अंदेशा हो गया कि यहां स्पा के नाम पर अनैतिक काम किया जा रहा है। पुलिस के दावे के मुताबिक इसके अलावा बताया जा रहा है कि स्पा में ग्राहकों की डिमांड के मुताबिक सर्विस मुहैया करवाई जाती थी, जिसकी एवज में मनमाने पैसे वसूले जाते थे।
स्पा के नाम पर यहां ऑनलाइन बुकिंग होती थी और ग्राहकों को स्पा के लिए समय दे दिया जाता था। एक ग्राहक लाने के लिए एजेंट को पांच सौ रुपये की कमीशन भी तय की गई थी। स्पा में काम करने वाली युवतियों को दिल्ली की एक एजेंसी की ओर से हायर किया गया था। इन युवतियों के पास स्पा से संबंधित कोई ट्रेनिंग नहीं है लेकिन ग्राहकों को लुभाने का इन्हें अच्छा अनुभव है।
शिमला में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, 6 युवतियों समेत 8 गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
स्कैंडल प्वाइंट से 100 कदम दूर यह स्पा चल रहा था। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालय भी यहां से चंद कदमों की दूरी पर है। पुराने कांग्रेस कार्यालय से लोअर बाजार की ओर जाने वाली सीढ़ियों के साथ ही यह एक भवन में चल रहा था। इस स्पा में सैलानियों के अलावा स्थानीय व्यक्ति भी आते थे। आस पड़ोस में रहने वालों ने बताया कि शुरू से ही उन्हें कुछ शक था कि यहां स्पा के नाम पर कुछ अनैतिक काम चल रहा है।
स्पा में काम करने वाली इन छह युवतियों को हर महीने 18 हजार वेतन दिया जाता था। कुछ समय से युवतियां अपना वेतन बढ़ाने की मांग कर रही थीं। इस बीच थाइलैंड की युवती शनिवार को ही वापस जाने वाली थी और इस युवती का एजेंट भी शिमला में ही मौजूद था। स्पा सेंटर के भीतर सबसे पहले एक छोटा सा रिस्पेशन है और यहां मंहगे झूमर लगा रखे हैं। यहां स्पा के लिए आने वाले व्यक्ति को बिठाया जाता है और उसके बाद स्पा का पैकेज दिखा कर उसे भीतर भेजा जाता है। भीतर एक तंग गली है और दोनों तरह केबिन बना रखे हैं इसमें सात केबिन बनाए गए हैं।