मार्च के दूसरे सप्ताह में भी हिमाचल में सर्दी कम नहीं हो रही है। न्यूनतम पारा शून्य से नीचे जाने से केलांग, कल्पा, मनाली और कुफरी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं।
बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम चल रहा है। बुधवार को प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 मार्च को कई क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि और तूफान चलने की चेतावनी जारी की है।
18 मार्च तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मंगलवार को प्रदेश में 83 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।
जिला कुल्लू और लाहौल में मूसलाधार बारिश और बर्फबारी से घाटी में जनजीवन ठहर गया है। सोमवार रात को रोहतांग में 60 सेंटीमीटर, मढ़ी में 45, कोकसर में 30, जलोड़ी दर्रे पर 25, केलांग में 12 और मनाली 10 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड हुई। ताजा बर्फबारी से हाईवे 305 के बहाल होने का इंतजार लंबा खिंचता जा रहा है।
66 दिनों से बंद औट-लुहरी हाईवे को बहाल करने में एनएच अथॉरिटी को 15 किलोमीटर दायरे से बर्फ को हटाना पड़ रहा है। ताजा बर्फबारी से पीरपंजाल समेत हिमालय में सिकुड़ते ग्लेशियरों को दशकों बाद संजीवनी मिली है।