विज्ञापन की शूटिंग के लिए हिल्सक्वीन पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी पर शिमला के मालरोड पर कई दृश्य फिल्माए गए। इस दौरान उनकी पत्नी साक्षी भी मौजूद रहीं।
कैप्टन कूल के नाम से मशहूर महेंद्र धोनी के शिमला के मालरोड पर आने की खबर सुनते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। माही ने मंगलवार को अभिनेता पंकज कपूर के साथ दृश्य फिल्माए।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मंगलवार सुबह पत्नी साक्षी के साथ सुबह साढ़े नौ बजे रेेंज रोवर गाड़ी से मालरोड पर पहुंचे। इससे पहले वे छराबड़ा स्थित होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल से छोटा शिमला तक लाल रंग की बुलेट पर पहुंचे।
छोटा शिमला से मालरोड का मार्ग प्रतिबंधित है। इसके चलते शूटिंग के लिए वे आगे गाड़ी में पहुंचे। इसकी तस्वीर खुद माही ने अपने ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर की है। बहल प्रोडक्शन ने लिफ्ट के समीप चाय की दुकान के बाहर सेट लगाया था।
माही ने करीब साढ़े 12 बजे तक पंकज कपूर के साथ विज्ञापन की शूटिंग की। इसके बाद विलो बैैक होटल चले गए। दोपहर करीब ढाई बजे महेंद्र धोनी पत्नी के साथ राहत होटल में लगे विज्ञापन का दूसरा दृश्य फिल्माने के लिए गए। करीब दो घंटे तक शूटिंग में व्यस्त रहेेे।