कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, सीएम जयराम ठाकुर ने की बड़ी घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा देते हुए तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा की है। एक जनवरी 2018 से यह भत्ता देय होगा। इस घोषणा के तहत कर्मचारियों को 200 करोड़ का लाभ दिया जाएगा। गुरूवार को सीएम जयराम ठाकुर ने विधिवत रूप से अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का समापन किया। इस अवसर पर ढालपुर स्थित एतिहासिक कला केंद्र में सीएम जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों को बिना मांगे व संघर्ष किए ही सब कुछ ही दिया जा रहा है। प्लानिंग एरिया में शामिल कुछ ग्रामीण क्षेत्रों से आपत्तियां मिल रही हैं।
इस पर व्यवहारिक व प्रशासनिक तौर पर जांच परख कर ग्रामीणों को राहत दी जाएगी। ऐसी जगहों की अधिसूचना वापस ली जाएगी। कुछ जगहों में साडा व टीसीपी नियमों की वजह से ग्रामीणों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सब की जिम्मेदारी है। ऐसे में सब मिलजुल कर इस पर्व को सही तरीके से मनाएं। सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दिल्ली में बैठक के दौरान बिजली महादेव व यहां प्रस्तावित रोपवे का जिक्र किया है।
पांच फीसदी बढ़ाया देवी देवताओं का नजराना
पर्यटन की दृष्टि से बिजली महादेव जल्द रोपवे से जुड़ना चाहिए। इसमें तकनीकी तौर पर काम किया जा रहा है। कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिला में हाल ही में भारी नुकसान की भरपाई का मामला केंद्र सरकार से भी उठाया जाएगा। कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उत्सव में भाग लेने वाले देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत और दूरी भत्ते में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की। वहीं, देवी-देवताओं के बजंतरियों को दी जाने वाली राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस दौरान सांसद रामस्वरूप शर्मा, वन व परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक किशोरी लाल, सुरेंद्र शौरी, जवाहर ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, सीएमओ डा सुशील चंद्र, कमांडेट होमगार्ड निश्चिंत सिंह नेगी, सहायक आयुक्त सन्नी शर्मा व अन्य मौजूद रहे।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके दिल्ली दौरों पर सवाल उठाने वाले विपक्षी आजकल चुप बैठे हुए हैं। कहा कि वह निजी तौर पर दिल्ली दौरे पर नहीं जाते हैं। वह हिमाचल हित के लिए दिल्ली पहुंचते हैं। नौ माह में केंद्र से हिमाचल को नौ हजार करोड़ रुपये मिले हैं। लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी से सेब फसल बुरी तरह तबाह हो चुकी है। कुल्लू में सीएम जयराम ठाकुर ने जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में सेब पौध में सब्सिडी देकर मदद करने का भी आश्वासन दिया। सीएम ने कहा कि घाटी के लोगों के लिए मदद को अन्य रास्ते भी ढूंढे जा रहे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में बीआरओ समेत स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।