हिमाचल प्रदेश में लोकतंत्र के महापर्व में आहुति डालने के लिए युवाओं ने भी जबरदस्त जोश दिखाया। पहली बार मतदान करने के बाद उनके चेहरे पर खुशी झलक रही थी। कई युवाओं ने वोट डालने के बाद सेल्फी भी ली। उन्होंने सोशल मीडिया में भी तस्वीरें साझा की हैं। युवा बोले, विकास, रोजगार और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्होंने मतदान किया है।
कई युवा सुबह ही मतदान केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे। कई युवाओं का कहना था कि पहली बार मतदान कर सरकार चुनने का मौका मिला है। उन्हें देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेवारियों का भी अहसास हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्याशी के लिए मतदान किया है, जो बिना भेदभाव प्रदेश और समाज के हित में कार्य करे। युवाओं का कहना है कि वोट का पर्व पांच वर्ष में एक बार ही आता है। ईवीएम में मतदाता की पसंद और नापसंद के विकल्प उपलब्ध हैं, इसलिए हर कोई मतदान जरूर करे।
2 of 7
आर्यन कुल्लू।
- फोटो : संवाद
चुनाव में हर एक वोट का महत्व होता है। मैंने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। प्रदेश में विकास की रफ्तार को गति प्रदान करने के लिए अपने दायित्वों की जानकारी होना जरूरी है। मैंने मतदान कर दायित्व का निर्वहन किया है। - आर्यन, कुल्लू
पहली बार मतदान कर बहुत अच्छा लगा। लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को मतदान करना चाहिए। सरकार ऐसी चुननी चाहिए, जो बिना किसी भेदभाव समाज और प्रदेश के हित के लिए काम करे। युवाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है।
-पायल, चंबा के पक्काटाला निवासी
पहली बार मतदान किया। लंबे समय से विधानसभा चुनाव का इंतजार था। सभी दोस्तों के साथ मतदान को लेकर चर्चा चलती रहती थी। लोकतंत्र के महायज्ञ में पूर्णाहुति डालकर गर्व महसूस हो रहा है। - प्रकृति मेहरा, दाड़ी, धर्मशाला
आज के युवा की प्राथमिकता रोजगार है। पहली बार मतदान कर बहुत अच्छा लगा। उम्मीद है कि वोट कामयाब होगा और आने वाली सरकार युवाओं के बारे में सोचेगी और जीतने वाला प्रत्याशी बेरोजगारी को दूर करने के लिए कदम उठाएगा। - पूजा, पालमपुर