हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पांच गुना फीस बढ़ाकर दो लाख परीक्षार्थियों को झटका दिया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सूबे के सभी सरकारी और संबद्ध निजी स्कूलों की नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के प्रश्न पत्र की मुद्रण फीस 20 से सीधे 100 रुपये कर दी है।
बोर्ड ने पांच गुना फीस बढ़ाकर दोनों कक्षाओं के करीब दो लाख परीक्षार्थियों को झटका दिया है। बता दें कि बोर्ड प्रश्न पत्र की मुद्रण फीस छात्रों से वसूलता है।
बोर्ड ने शीतकालीन स्कूलों की नौवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा के प्रश्नपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 20 से 30 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। यह आवेदन स्कूल प्रधानाचार्य करते हैं।
ग्रीष्मकालीन स्कूलों की परीक्षाएं मार्च में होती हैं, उनके लिए आवेदन तिथि बाद में तय होगी। शिक्षा बोर्ड के सचिव हरीश गज्जू ने बताया कि सरकारी और बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को छात्रों की विषयवार संख्या और प्रश्न पत्र की मुद्रण राशि तय तिथि तक जमा करने के निर्देश दिए हैं। 30 अक्तूबर के बाद किसी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।