हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद की शनिवार को कुलपति प्रो. सिंकदर कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विवि में कोरोना के कारण अटकी भर्ती प्रक्रिया पुन: शुरू करने और विज्ञापित पदों की अवधि को छह माह बढ़ाने की मंजूरी प्रदान की गई है। शिक्षकों और गैर शिक्षकों के पदों को भरने के लिए विज्ञापन संख्या 21/2020 तथा 22/2020 को छह माह का विस्तार दिया गया है। अब विवि गैर शिक्षकों और शिक्षकों के पुराने सैकड़ों पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगा। वहीं, ईसी ने विवि में नए सृजित शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों के पदों पर रोस्टर की अनुपालना करते हुए विज्ञापित करने की अनुमति प्रदान की।
ईसी बैठक के फैसले: एचपीयू शिमला में पुरानी भर्ती को हरी झंडी, नए पद भी भरे जाएंगे
कार्यकारी परिषद ने वित्त समिति की सिफारिशों को स्वीकृति प्रदान की। विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा केंद्र (इक्डोल) को यूजीसी के मुक्त दूरवर्ती अध्ययन पाठ्यक्रम के मानकों को अपनाने के लिए स्वीकृति दी गई।
बैठक में विवि की अकादमिक परिषद की स्थायी समिति की सिफारिशों को विश्वविद्यालय के गणित विभाग में भारतीय गणित केंद्र के दो कोर्सों के वैदिक गणित में सर्टिफिकेट कोर्स और प्राचीन भारतीय गणित में स्नातकोत्तर डिप्लोमा इसी सत्र से आरंभ करने की अनुमति भी प्रदान की गई। ईसी ने विश्वविद्यालय के वित्त संबंधित मामलों के निपटारे के लिए पूर्व विवि के पूर्व वित्त अधिकारी रहे ज्ञान चंद रायटा को 6 महीने के लिए नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूर किया।
एचपीयू कैंपस में कामधेनु का केंद्र खोलने को मंजूरी
कार्यकारी परिषद की बैठक में बिलासपुर के नम्होल कामधेनु दुग्ध उत्पाद केंद्र के माध्यम से विश्वविद्यालय एवं सरकार के नियमों के अनुसार एचपीयू कैंपस में जलपान और भोजन स्थल बाजार से कम मूल्य पर 10 साल के लिए खोलने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई। विवि ईसी की बैठक में विशेष सचिव (वित्त) राकेश कुमार, विशेष सचिव (शिक्षा) अश्वनी राज शाद, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत सिंह, विवि के कुलसचिव सुनील शर्मा, प्रो. एनके शारदा, प्रो. वीपी शर्मा, प्रो. नागेश ठाकुर, प्रो. पवन गर्गा, डॉ. अनिल जरियाल, प्रो. यशवंत कुमार, डॉ. अश्वनी बैठक में मौजूद रहे।
आठ दिसंबर तक खुला रहेगा इक्डोल का पोर्टल
वहीं, हिमाचल प्रदेश विवि के अंतरराष्ट्रीय दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) ने यूजी और पीजी डिग्री कोर्स में प्रवेश लेने से वंचित रहे विद्यार्थियों को विशेष मौका दिया है। इक्डोल नए आवेदन, पंजीकरण के लिए आठ दिसंबर तक पोर्टल खुला रखेगा। इक्डोल निदेशक प्रो. कुलवंत पठानिया ने बताया कि छात्रों की मांग पर यह फैसला लिया गया है। सत्र 2021-22 में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को यह मौका दिया है। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थी जो किसी कारणवश महाविद्यालय और विवि में प्रवेश नहीं ले पाए हैं, उनके लिए इक्डोल में बीए, बीकॉम तथा एमए, एमकॉम में प्रवेश पाने के लिए एडमिशन पोर्टल 8 दिसंबर तक खोलने का निर्णय लिया है। इच्छुक विद्यार्थी बीएड को छोड़कर अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, हिंदी, संस्कृत, लोक प्रशासन, संगीत तथा समाजशास्त्र विषय में बीए तथा एमए, एमकॉम तथा एमबीए में प्रवेश के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। पत्रकारिता और जनसंचार, योग अध्ययन, टूरिस्ट गाइड, कंप्यूटर एप्लीकेशन और डाटा साइंस में डिप्लोमा के लिए भी प्रवेश पाने के लिए अपना पंजीकरण कर सकते हैं।