ढाबे में खाना बनाने के साथ गीत गुनगुनाने का शौक लाखों लोगों को बेहद पसंद आएगा, जिला शिमला के टिहरा के जगदीश यह खुद भी नहीं जानते थे। एक दिन यूं ही अपने भाई के साथ ढाबे पर बैठे अपने भजन ‘मां मंदिर तेरा बड़ी दूर’ को यू-ट्यूब पर डालने का विचार आया। भजन यू-ट्यूब पर डाला तो महज 30 दिन के भीतर भजन को एक लाख से ज्यादा व्यूज मिल गए।
धर्मपुर की टिहरा तहसील के कोट गांव के जगदीश सनयाल बीते 30 सालों से मंडी-संधोल सड़क पर छोटा सा ढाबा चलाते हैं। स्थानीय लोग प्यार से इन्हें ‘जग्गू मामा’ पुकारते हैं। बचपन से गाने का शौक था। दोस्तों के कहने पर अकसर गुनगुना देते थे। कई बार गांवों के जगरातों में भी माता के भजन गाने का मौका मिलता रहा।
देखें वीडियो
जाने माने लोक गायक करनैल राणा को आदर्श मानने वाले जगदीश ने राणा के लोकगीत और भजन सुनकर ही गाना सीखा है। इनकी आवाज भी करनैल राणा से काफी मिलती है। जगदीश के ‘टिहरे दीयां धारा’ गीत को भी लोगों ने खूब पसंद किया है।
इनके ढाबे पर लोग चाय नाश्ते और खाने के साथ लोकगीतों का आनंद लेने के लिए रुकते हैं। जगदीश बताते हैं कि गाने का शौक तो बचपन से ही था, लेकिन परिवार के गुजर बसर के लिए ढाबा चलाने का फैसला किया। जगदीश के दो बेटे हैं।
‘मां मंदिर तेरा बड़ी दूर’ भजन को लोगों से मिले असीम प्यार के बाद अब जगदीश नवरात्रों में ‘अवाहदेवी मां दा द्वारा’ भजन लांच करने की भी तैयारी कर रहे हैं। जगदीश ने 26 अगस्त को यू-ट्यूब पर भजन ‘मां मंदिर तेरा बड़ी दूर’ लांच किया गया था। अब तक इस भजन को एक लाख बीस हजार व्यूज मिल चुके हैं। सैकड़ों लोगों ने इनके वीडियो को शेयर भी किया है।